पीलीभीत पुलिस का सख्त एक्शन
Pilibhit Police Action: रितेश बाजपेयी/पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मनचलों को महिला से अभद्रता और छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी जब जेल भेजे जा रहे थे, तो वे लंगड़ाते हुए और हाथ जोड़कर पुलिस व जनता से माफी मांगते नजर आए.
यह पूरा मामला पीलीभीत की सदर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां दरगाह अल्लाहू मियां के उर्स के मेले में खरीदारी करने आई महिलाओं के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की थी.
उर्स के मेले में खरीदारी के दौरान हुई बदसलूकी
मिली जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपनी दो भांजियों के साथ दरगाह अल्लाहू मियां के उर्स मेले में पहुंची थी. मेले में लगी दुकानों पर जब वे खरीदारी कर रही थीं, तभी एक सिरफिरे युवक ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. महिला ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उनकी भांजी के साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी कर डाली.
शोर मचते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया.
आधे घंटे तक मचा हंगामा
खुद को घिरता देख आरोपी ने तुरंत अपने मोबाइल से फोन करके अपने साथियों को मौके पर बुला लिया. दबंग साथी पहुंचते ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई. आरोपियों ने सरेआम जान से मारने की धमकियां भी दीं. इस वजह से मेले में करीब आधे घंटे तक अफरातफरी और हंगामे का माहौल बना रहा.
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार युवकों तौहीद, अनस, वारिस और मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया.
जेल जाते समय दिखा खौफ
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ) अमरनाथ वर्मा ने बताया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने और महिलाओं से अभद्रता करने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. जब पुलिस इन आरोपियों को कोर्ट और जेल ले जा रही थी, तो उनके चेहरे पर कानून का साफ खौफ दिख रहा था और वे लंगड़ाते हुए हाथ जोड़कर अपनी करतूत के लिए माफी मांग रहे थे.
यह भी पढ़ें: दोस्त की दुश्मनी में गई जान: मेरठ में दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे यूवक की गोली मारकर हत्या
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

