प्रयागराज के कर्जन पुल के पास हुए एक लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 25000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आरोपी के पास से पुलिस ने 1 अवैध तमंचा, .315 बोर के 2 कारतूस और 2 खोखे और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है. आरोपी की पहचान अनिल भारतीया उर्फ बरसाती के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना फाफमऊ क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कर्जन पुल के पास एक लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में फरार 1 अभियुक्त मलाक हरहर बेला कछार के पास देखा गया है. जिसके बाद थाना फाफमऊ और एसओजी सर्विलांस गंगानगर की संयुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चलाया और बताये गए स्थान पर पहुंच गई.

आरोपी ने झोंक दिया फायर
पुलिस को देखते ही आरोपी अपनी बाइक छोड़कर भागने लगा. अपने आपको घिरता देख आरोपी ने तमंचे से फायरिंग करनी शुरू कर दी. जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर आरोपी को घायल कर दिया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी भारतीया के दोनों पैरों में गोली लगने से वो घायल हो गया.
आरोपी थाना मऊआइमा के गदियानी का रहने वाला है. जिसपर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है.
पुलिस से बचकर भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उसे सूचना मिल गई थी कि कर्जन पुल वाली रेप की घटना में पुलिस को उसकी संलिप्तता के बारे में पता चल गया है और आरोपी को तलाश रही है. इसलिए वो पुलिस से बचकर दूर भागने के फिराक में था. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो घटनास्थल पर अपने भाई से पैसे लेने के लिए आया था. तभी पुलिस आ गई और ये घटना हुई.

ये भी पढ़ें- दिल्ली से इंदौर जा रहे एयर इंडिया के विमान में इंजन से मिलने लगा फायर अलर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई लैंडिंग
जुर्म किया कबूल
पुलिस को दिये बयान में आरोपी ने बताया, कर्जन पुल पर 16 अगस्त की शाम टीटू उर्फ अनिल भारतीय और बरसाती ने जमकर शराब का सेवन किया था. तभी उन्होंने पीड़िता को एक लड़के के साथ वहां से आते देखा. जिसके बाद उन दोनों ने मिलकर पीड़िता के साथ मारपीट की और बारी-बारी से दुष्कर्म किया.
बाद में अपने 2 और साथी जिसमें से एक नाबालिग और दूसरा हिमांशु था. को भी बुला लिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद ये दोनों पीड़िता को उसकी सहेली के यहां छोड़ आये थे.
फिलहाल पुलिस आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


