रविवार को दिल्ली से इंदौर जा रहे एयर इंडिया के विमान में खराबी आ गई. जिसके चलते विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के बाद बीच हवा में विमान के इंजन से फायर अलर्ट मिलने लगा. जिसके बाद विमान को वापस दिल्ली की तरफ मोड़ना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, उड़ान संख्या AI-2913 के रूप में संचालित A-320 नियो विमान सुबह लगभग 6:15 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतरा. विमान में 90 से अधिक यात्री सवार थे.
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि कॉकपिट क्रू ने उड़ान भरने के तुरंत बाद दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत देखा.
मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, चालक दल ने प्रभावित इंजन को बंद कर दिया और विमान को वापस दिल्ली ले गया. एयरलाइन ने पुष्टि की कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.
दिल्ली से इंदौर जा रहा था विमान
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने कहा,
31 अगस्त को दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भरने वाली AI-2913, उड़ान भरने के तुरंत बाद दिल्ली लौट आई, क्योंकि कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला. मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए, कॉकपिट क्रू ने इंजन बंद करने का फैसला किया और दिल्ली लौट आए, जहां विमान सुरक्षित रूप से उतरा.
यात्रियों के लिए की जा रही दूसरे विमान की व्यवस्था
विमान को चेकिंग के लिए रोक दिया गया है, जबकि यात्रियों को इंदौर पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है.
एयरलाइन ने कहा,
विमान को निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है और यात्रियों को एक वैकल्पिक विमान में स्थानांतरित किया जा रहा है जो जल्द ही इंदौर के लिए उड़ान भरेगा.
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि नियामक को घटना की जानकारी दे दी गई है. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है. एयर इंडिया में, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
रिपोर्टों के अनुसार, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को इस मामले की जानकारी दे दी गई है.
हाल के हफ्तों में, एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी समस्याओं का सामना करने की कुछ घटनाएं सामने आई हैं, हालांकि एयरलाइन ने दोहराया है कि यात्रियों की सुरक्षा उसका प्राथमिक ध्यान है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

