Bharat Express DD Free Dish

प्रयागराज में अनोखी बारात; सुनहरी रथ पर बैठकर अपने दुल्हे को लेने निकली दुल्हन, लोगों ने कहा- ‘अब विदाई किसकी होगी’

प्रयागराज की सड़कों पर 25 नवंबर की रात एक अनोखी बारात निकली. दुल्हन तनु ने सुनहरी रथ पर बैठकर अपने दुल्हे के घर का रुख किया. यह शादी सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि जेंडर इक्वैलिटी का उत्सव बन गई.

Prayagraj Unique Wedding

Prayagraj Unique Wedding: प्रयागराज की सड़कों पर 25 नवंबर की रात कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखने के बाद लोगों के कदम खुद-ब-खुद रुक गए. लाइटों की चमक, सड़क किनारे इक्ट्ठी हुई भीड़ और डीजे की तेज आवाज के बीच एक चमचमाता सुनहरा रथ आगे बढ़ रहा था. लेकिन इस रथ पर कोई दूल्हा नहीं था… बल्कि दुल्हन तनु थी, जो अपने दूल्हे रजत के घर बारात लेकर जा रही थीं.

लोगों के चेहरों पर इस अनोखे नजारे को देखकर खुशी भी थी और हैरानी भी. शहर के लिए ये सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि सोच में बदलाव का एक जश्न था. तनु के पिता राजेश जायसवाल हमेशा कहते थे कि उनकी बेटियों को उतनी ही शान मिले जितनी बेटों को मिलती है और उसी सपने ने इस रात शहर की गलियों में हकीकत का रूप ले लिया.

बारात में चमकी दुल्हन

अक्सर ऐसा ही कोई फिल्मी सीन देखकर लोग कहते हैं, “अरे, असल जिंदगी में ऐसा कहां ही होता होगा.” लेकिन प्रयागराज के मूत्थीगंज की ये शादी अब सुर्खियों में आ गई है. न घोड़ी, न घोड़ा, सीधा एक बड़ा रथ और न दूल्हे की बारात, बल्कि दुल्हन की बारात.

दुल्हन तनु अपने रथ पर मुस्कुराती हुई आगे चल रही थीं और उनके पीछे करीब दो किलोमीटर लंबी बारात चल रही थी. डीजे की धुन पर नाचते लोग, रंग-बिरंगी लाइटें और हर हाथ में मोबाइल का कैमरा, जैसे पूरा इलाका इस नई परंपरा का गवाह बन रहा हो. इलाके के बुज़ुर्ग भा इस नजारे को देखकर हैरान थे और मुस्कुरा रहे थे.

ये भी पढ़ें- लखनऊ में 100 करोड़ का एडमिशन स्कैम, NEET छात्रों को बनाया शिकार

सोशल मीडिया पर मीम्स की बरसात

जैसे ही इस बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, कमेंट सेक्शन मीम्स का मैदान बन गया. एक यूजर ने लिखा—“दुल्हन बारात लेकर गई है… अब विदाई कौन करेगा?” दूसरे ने मजाक में लिखा- “लगता है दूल्हा गरीब था, इसलिए लड़की को खुद बारात ले जानी पड़ी.”

एक और यूजर ने कहा, “मेरी बुआ की शादी भी ऐसी ही हुई थी, नया कुछ नहीं भाई!” अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और इस पर अब तक लाखों व्यूज आ चुके हैं.

वहीं जब तनु की बारात दूल्हे रजत के घर पहुंची तो परिवार ने बड़े आदर से परंपरा निभाते हुए आरती उतारकर उनका स्वागत किया. दूल्हे का परिवार भी इस अनोखी बारात से काफी खुश दिखाई दे रहा था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read