केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा को सूचित किया कि भारतीय रेल ने प्रशिक्षण के लिए एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है. केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि यह मुख्य रूप से रेलवे के कर्मचारियों के लिए डिज़ाइन किया गया है, जो उनके करियर के विभिन्न चरणों में प्रभावी कौशल विकास, पुनः कौशल विकास और कौशल संवर्धन के लिए संरचित प्रशिक्षण प्रदान करता है. केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि इसमें सहयोग देने के लिए भारतीय रेल ने सभी क्षेत्रीय रेलों और उत्पादन इकाइयों में प्रशिक्षण केंद्रों का एक व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है. एक जोन के अंतर्गत भी ये प्रशिक्षण केंद्र मंडलों या कारखानों में विभिन्न स्थानों पर फैले हुए हैं.
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि युवाओं में रोजगार क्षमता बढ़ाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, रेलवे ने रेल कौशल विकास योजना शुरू की है, जो 16 तकनीकी शिल्पों को समाहित करने वाला अखिल भारतीय प्रवेश स्तर का कौशल विकास कार्यक्रम है. यह योजना सितंबर 2021 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को वेतनभोगी रोजगार या स्वरोजगार के लिए सशक्त बनाना है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेल कौशल विकास योजना के तहत देश भर में फैली क्षेत्रीय रेलों और उत्पादन इकाइयों के 98 प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षुओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. देश के किसी भी भाग के अभ्यर्थी इस प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं.
इनमें से निम्नलिखित 14 प्रशिक्षण केंद्र उत्तर प्रदेश में स्थित हैं:
शहर प्रशिक्षण केंद्र का नाम
- लखनऊ पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र, यांत्रिक रेलइंजन कारखाना
- वाराणसी तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र, बनारस रेलइंजन कारखाना
- इज्जतनगर मंडल प्रशिक्षण केन्द्र/सवारी एवं माल डिब्बा कारखाना
- गोरखपुर विद्युत प्रशिक्षण केंद्र
- झांसी आधारभूत प्रशिक्षण केंद्र, माल डिब्बा कारखाना
- बरेली आधारभूत प्रशिक्षण केंद्र, यांत्रिक कारखाना
- वाराणसी बहु-विषयक मंडलीय प्रशिक्षण संस्थान
- गाजियाबाद सवारी एवं माल डिब्बा प्रशिक्षण केंद्र
- झांसी पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र, झांसी
- गोरखपुर कारखाना प्रशिक्षण केंद्र/यांत्रिक कारखाना
- लखनऊ मंडल प्रशिक्षण केन्द्र/सवारी एवं माल डिब्बा कारखाना
- लालगंज तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र, आधुनिक सवारी डिब्बा कारखाना
- गाजियाबाद सिगनल एवं दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र
- चंदौली विद्युत कर्षण प्रशिक्षण केंद्र
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा इस योजना के आरंभ से ही, देश भर के 31,839 युवाओं को रेल कौशल विकास योजना के अंतर्गत निर्दिष्ट रेल प्रशिक्षण केंद्रों में अल्पकालिक तकनीकी कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है. इनमें से, 5,862 युवा उत्तर प्रदेश के हैं, जिनमें से 64 सहारनपुर जिले के हैं.
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी लोकसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में 25 दिसंबर होगा खास, पीएम मोदी करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भव्य लोकार्पण
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


