Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

चार महीने पुराने प्रेम विवाह का खूनी अंजाम, साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट

UP News: सहारनपुर में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पत्नी ने अपने भाई पर हत्या का आरोप लगाया.

UP News: सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारान इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पत्नी ने अपने ही भाई पर पति को सिर में सटाकर गोली मारने का आरोप लगाया है.

पत्नी को दिलाने आया था परीक्षा

जानकारी के मुताबिक, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र का रहने वाला 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को परीक्षा दिलाने के लिए गोचर इंटर कॉलेज आया था. आकांक्षा परीक्षा देने अंदर गई थी, जबकि शिव बाहर गेट पर इंतजार कर रहा था. परीक्षा खत्म होने के बाद जब दोनों घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंच गया.

साथ चलने से इनकार पर विवाद

आकांक्षा ने बताया कि मंजीत ने उसे अपने साथ घर चलने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया. इसी बात पर मंजीत और शिव कुमार के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि मंजीत ने गुस्से में तमंचा निकालकर शिव कुमार के सिर पर सटाकर गोली चला दी.

मौके पर ही मौत

गोली लगते ही शिव कुमार जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी वहां से भाग निकला. परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भगदड़ मच गई. पुलिस को सूचना दी गई और घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह

आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने चार महीने पहले ही शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था. परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था और लगातार विरोध कर रहा था. उसका आरोप है कि इसी वजह से भाई ने पति की हत्या कर दी.

परिजनों ने लगाया ऑनर किलिंग का आरोप

शिव कुमार के भाई शिवम ने भी इसे सोची-समझी हत्या बताया. उनका कहना है कि लड़की के परिवार वाले शुरू से नाराज थे और कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी. परिजनों का आरोप है कि झूठी शान और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस की जांच और कार्रवाई

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए और चश्मदीदों से पूछताछ की. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम का ‘जहरीला जाल’: पहले की मीठी-मीठी बातें, फिर अश्लील क्लिप बनाकर होटल के कमरों में छात्रा से वसूलता रहा ‘जिस्म की कीमत’

प्रदेश में फिर उठा सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ऑनर किलिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रेम विवाह करने वाले जोड़ों की सुरक्षा और समाज में फैली कट्टर सोच को लेकर बहस तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital