Bharat Express DD Free Dish

सपा कार्यकर्ता का अनोखा प्रदर्शन: स्कूल में भरा पानी तो तालाब में बैठा नेता, प्रशासन से की यह मांग

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के काजीपुर गांव में एक सरकारी स्कूल में महीनों से पानी जमा है. प्रशासन की इस लापरवाही के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गौरव गुर्जर स्कूल के गंदे पानी में ही पालथी मारकर बैठ गए. उन्होंने जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जलभराव को तुरंत दूर करने की मांग की है.

Meerut, Samajwadi Party, Uttar Pradesh

Meerut News: बारिश के मौसम में सरकारी स्कूलों के क्या हालात हो जाते हैं यह किसी से छिपा नहीं है. लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रशासन की इसी लापरवाही को उजागर करने के लिए एक बेहद अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला. मामला मेरठ के काजीपुर गांव का है जहां के सरकारी स्कूल में हुए भयंकर जलभराव से तंग आकर समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने ऐसा रास्ता चुना जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया.

गंदे पानी के बीच धरने पर बैठे सपा नेता

काजीपुर के इस प्राथमिक स्कूल के परिसर में काफी लंबे समय से घुटनों तक पानी भरा हुआ है. प्रशासन की नींद उड़ाने के लिए सपा कार्यकर्ता गौरव गुर्जर स्कूल के इसी गंदे पानी के बीच जमीन पर पालथी मारकर बैठ गए. उन्होंने साफ कह दिया कि जब तक इस समस्या का कोई पक्का समाधान नहीं होता वे पानी से बाहर नहीं निकलेंगे. सोशल मीडिया पर इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं.

प्रशासन से की मांग

गौरव गुर्जर का कहना है कि स्कूल में महीनों से पानी जमा होने के कारण बच्चों और शिक्षकों का वहां आना-जाना दूभर हो गया है. सबसे बड़ा डर यह है कि जलभराव की वजह से स्कूल की दीवारों या खंभों में करंट उतर सकता है. इसके अलावा गंदे पानी में जहरीले जीव-जंतुओं और मच्छरों का खतरा भी लगातार बना हुआ है जिससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है.

उन्होंने जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि राजनीति छोड़ बच्चों के भविष्य और सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए. स्कूल परिसर से तुरंत पानी निकलवाने की व्यवस्था की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक बच्चों को सुरक्षित माहौल नहीं मिलता उनका यह धरना इसी तरह जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें- 

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read