संभल जनपद में सीओ अनुज चौधरी पीस कमेटी की बैठक में शांति बनाए रखने की अपील की
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली के अवसर पर शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में संभल के CO अनुज चौधरी ने विशेष रूप से रंग से ऐतराज रखने वाले व्यक्तियों को लेकर एक सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा- जिन्हें रंग पड़ने से ऐतराज हो, वे होली के दिन घर से न निकलें. इससे सामाजिक सौहार्द भी कायम रहेगा.
हिंदू-मुस्लिम समुदाय से संयम बरतने की अपील
सीओ अनुज चौधरी ने अपनी अपील में यह भी कहा कि हिंदू समाज से यह निवेदन है कि वे रंग से ऐतराज करने वाले लोगों पर रंग न डालें. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “जैसे मुस्लिम समाज ईद का इंतजार करता है, वैसे ही हिंदू समाज होली का इंतजार करता है.” उनका यह बयान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से था, ताकि किसी भी प्रकार की असहमति या विवाद न उत्पन्न हो सके.
52 जुमे और एक होली में अंतर है: सीओ चौधरी
सीओ अनुज चौधरी ने कहा, साल में 52 जुमे होते हैं, लेकिन होली सिर्फ एक बार आती है.” इस बयान का उद्देश्य यह था कि हर समुदाय के पर्व और महत्व को समझते हुए शांति बनाए रखनी चाहिए. अनुज चौधरी ने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति होली के रंग से ऐतराज करता है, तो उसे खुद को घर के अंदर रखना चाहिए और बाहरी गतिविधियों से दूर रहना चाहिए.
होली के बाद होगी जुमे की नमाज: पीस कमेटी
पीस कमेटी की बैठक में एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया. यह तय किया गया कि होली के बाद जुमे की नमाज अदा की जाएगी. इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया गया कि होली और जुमे की नमाज के दौरान शांति बनी रहे. सीओ अनुज चौधरी ने यह भी बताया कि 24 नवंबर को जमा मस्जिद सुइवी में हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस बार होली को लेकर अलर्ट है और खास सतर्कता बरतने के लिए यह बैठक की गई थी.
अलर्ट पर प्रशासन, सोशल मीडिया से निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी जिलों के पुलिस कप्तानों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे होली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सजग रहें. साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रखने की भी सलाह दी गई है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों की पहचान करते हुए वहां विशेष सतर्कता बरतने का भी आदेश दिया है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संभल जिले में अलर्ट
संभल प्रशासन ने होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर जरूरी कदम उठाए हैं. पीस कमेटी की बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है, ताकि होली का त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ मनाया जा सके.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



