Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. घटना के 9 दिन बीत जाने के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की मुख्य आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे पहली बार खुद कैमरे के सामने आ गई है. मीडिया एजेंसी से बातचीत करते हुए श्रद्धा ने खुद को पूरी तरह बेकसूर बताया है और दावा किया है कि शिवा ने उसके फ्लैट से कूदकर खुदकुशी की थी, ना कि उसकी कोई हत्या की गई थी.
‘वह मेरा अपना था, क्यों मारूंगी?’
श्रद्धा दुबे ने सफाई देते हुए कहा कि शिवा शर्मा उसका अपना इंसान था और दोनों पिछले करीब चार महीने से साथ रह रहे थे. ऐसे में वह उसकी जान लेने की कभी सोच भी नहीं सकती. उसने दावा किया कि शिवा पर 16 से 17 लाख रुपये का भारी कर्ज हो गया था, जिसके चलते वह भयंकर डिप्रेशन में चल रहा था. श्रद्धा के अनुसार, इसी कर्ज के तनाव और तगादों से परेशान होकर उसने अपनी आंखों के सामने शिवा को बालकनी से नीचे कूदते हुए देखा था, लेकिन वह चाहकर भी उसे बचा नहीं पाई.
इसके साथ ही श्रद्धा ने मृतक शिवा की मां द्वारा लगाए गए तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया. उसने कहा कि पुलिस ने बहराइच का फुटेज तो निकलवा लिया, लेकिन अगर उसकी सोसायटी का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक कर दिया जाए, तो सच अपने आप सबके सामने आ जाएगा और वह निर्दोष साबित हो जाएगी.
फरारी और जेवर चोरी पर क्या बोली श्रद्धा?
लगातार 9 दिनों तक पुलिस की पकड़ से दूर रहने और फरार होने की वजह बताते हुए श्रद्धा ने कहा कि वह भारी सदमे और स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से डकर चली गई थी. ड्राइवर के साथ मारपीट और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगने के कारण वह घबरा गई थी. इस पूरे विवाद में अपनी बहन को घसीटे जाने पर भी उसने नाराजगी जताई.
वहीं, घर से लाखों के जेवर चोरी होने के सवाल पर श्रद्धा ने माना कि कुछ जेवर गायब हुए थे, जो शिवा ने लिए थे, लेकिन उसने बाद में वापस करने की बात भी कही थी. उसने कहा कि यह उनका आपसी मामला था. इस बीच, लापरवाही बरतने के आरोप में हजरतगंज कोतवाल विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया जा चुका है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें: ‘मां ने किया ममता का सौदा’, डेढ़ महीने के बच्चे को 2 लाख में बेचा; कासगंज पुलिस के हत्थे चढ़े डॉक्टर समेत 5 लोग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




