Unnao Bus Fire: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. लखनऊ-कानपुर हाईवे पर चलती हुई एसी बस में अचानक आग लग गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया. खास बात यह है कि इस बस में स्कूली बच्चे सवार थे जो एक वाटर पार्क से मस्ती करके अपने घर कानपुर लौट रहे थे. गनीमत यह रही कि ड्राइवर और बस स्टाफ ने वक्त रहते गजब की सूझबूझ दिखाई और सभी बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, वरना कोई बड़ा अनर्थ हो सकता था.
धुंआ उठते ही मची चीख-पुकार
यह पूरी घटना उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र के गदन खेड़ा चौराहे के पास सर्विस रोड पर हुई. कानपुर के कल्याणपुर स्थित एक स्कूल के बच्चे निजी ट्रैवल्स की एसी बस से पिकनिक मनाने गए थे. वापसी के दौरान जब बस लखनऊ से कानपुर की तरफ आ रही थी, तभी अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. बस के भीतर धुआं भरते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई और वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
ड्राइवर की समझदारी से बची सभी की जान
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बस ड्राइवर ने बिना एक पल गंवाए तुरंत गाड़ी रोक दी और स्टाफ की मदद से सभी बच्चों को तेजी से बाहर निकालना शुरू किया. बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आनन-फानन में पूरी बस खाली करवा ली गई. सभी बच्चों के सुरक्षित बाहर आते ही राहत की सांस ली गई, क्योंकि कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धूकर जलने लगी.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही इस भयानक आग की मुख्य वजह माना जा रहा है. इस घटना के बाद से बच्चों के परिजन भी काफी डरे हुए हैं, लेकिन सभी बच्चों के सकुशल बच जाने से हर किसी ने राहत की सांस ली है.
यह भी पढ़ें: ब्लाइंड मर्डर का 3 दिन में खुलासा, लिव-इन पार्टनर ही निकली दिव्यांग शिक्षक की कातिल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







