उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. ठाकुरद्वारा कोतवाली इलाके में हुए चर्चित दिव्यांग शिक्षक हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर सुलझा लिया है. इस मर्डर केस के खुलासे ने हर किसी को अछंभे में डाल दिया है क्योंकि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि पिछले सात साल से शिक्षक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला और उसका नाबालिग बेटा ही निकला.
क्या था हत्या के पीछे का मुख्य कारण?
पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं. मृतक 40 वर्षीय प्रमोद कुमार इलाके में अकेले रहते थे और ब्याज पर पैसे चलाने का काम करते थे. आरोपी महिला पिछले सात वर्षों से उनके साथ रह रही थी, लेकिन उसकी बुरी नजर प्रमोद की संपत्ति और मकान पर थी. वह किसी भी तरह उस पूरी संपत्ति को अपने नाम करवाना चाहती थी.
इतना ही नहीं, इस खौफनाक साजिश में महिला ने अपने एक अन्य साथी अबरार हुसैन को भी शामिल कर लिया था. आरोपी अबरार ने प्रमोद कुमार से भारी-भरकम रकम ब्याज पर ले रखी थी, जिसे वह वापस नहीं चुकाना चाहता था. संपत्ति और कर्ज से छुटकारा पाने के लालच में इन लोगों ने शिक्षक को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया.
दूध वाले के आने पर खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब रोज की तरह दूध देने वाला शख्स घर पहुंचा और बाहर फैला हुआ खून देखकर उसके होश उड़ गए. उसने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि यह एक ‘ब्लाइंड मर्डर’ था, जिसे सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था. हालांकि, तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल्स और स्थानीय गवाहों की मदद से पुलिस ने महज तीन दिन में आरोपियों तक पहुंच बनाई.
पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला सुनीता उर्फ पूजा और उसके साथी अबरार हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस साजिश में शामिल बाल अपचारी को भी अपनी अभिरक्षा में ले लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार (हंसिया) और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है. पुलिस अब इस मामले में मजबूत कानूनी चार्जशीट तैयार कर रही है ताकि सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
यह भी पढ़ें: बुर्के की आड़ में बड़ा खेल, अमरोहा की शातिर महिलाएं गिरफ्तार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




