Bharat Express DD Free Dish

‘काटकर फेंक देंगे… डॉक्टर की दबंगई! मरीज को दी धमकी, VIDEO वायरल होते ही मचा बवाल

UP Etah doctor viral video: उत्तर प्रदेश के एटा मेडिकल कॉलेज में एक डॉक्टर द्वारा मरीज और परिजनों को धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है.

UP Etah doctor viral video

रिपोर्ट – सुधीर कुमार एटा


UP Etah doctor viral video: उत्तर प्रदेश के एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां तैनात एक डॉक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मरीज और उसके परिजनों को धमकाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में डॉक्टर मुकेश परमार कथित तौर पर “काटकर फेंक देने” जैसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है.

ऑपरेशन के लिए पहुंचे परिजनों को दी धमकी

बताया जा रहा है कि एक परिजन अपने बेटे के हाथ का ऑपरेशन कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज के बजाय उन्हें डराने-धमकाने का रवैया अपनाया और निजी अस्पताल में इलाज कराने का दबाव बनाया.

निजी अस्पताल भेजने के आरोप फिर हुए ताजा

यह पहली बार नहीं है जब डॉक्टर मुकेश परमार पर ऐसे आरोप लगे हों. इससे पहले भी उन पर हड्डी के मरीजों को जबरन निजी अस्पताल रेफर करने के आरोप लग चुके हैं. सरकारी मेडिकल कॉलेज में तैनाती के बावजूद निजी प्रैक्टिस चलाने और मरीजों को वहां भेजने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों का कहना है कि यदि पहले की शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई होती, तो शायद ऐसी घटनाएं दोबारा सामने नहीं आतीं.


ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से दोस्ती और फिर कत्ल का शक! लखनऊ में लिव-इन में रह रही युवती की मौत, पार्टनर पर हत्या का आरोप


कार्रवाई की मांग तेज

मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, मेडिकल कॉलेज प्रशासन से भी जवाबदेही तय करने की बात कही जा रही है. अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read