Greater Noida UPITS 2026
उत्तर प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति, उद्योग और लजीज व्यंजनों का सबसे बड़ा मंच एक बार फिर सजने के लिए तैयार है. ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आगामी 25 सितंबर से ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026’ (UPITS) का भव्य आगाज होने जा रहा है. यह इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का चौथा संस्करण है, जिसे लेकर प्रशासन और आयोजक युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं.
संस्कृति, जायके और तकनीक का अनोखा संगम
5 दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प, पारंपरिक उद्योगों और आधुनिक सेक्टर्स की झलक एक ही छत के नीचे देखने को मिलेगी. इस बार ट्रेड शो का दायरा और ज्यादा बड़ा रखा गया है. व्यापारिक बैठकों के साथ-साथ आम जनता के मनोरंजन के लिए हर शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैशन शो, लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस और शानदार लेजर शो का आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा राज्य के अलग-अलग कोनों से आए मशहूर पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे.
1 लाख से ज्यादा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
आयोजकों के मुताबिक, इस बार देश-विदेश से बड़े पैमाने पर खरीदार और कारोबारी शिरकत कर रहे हैं. अब तक 1 लाख से अधिक बी2बी (B2B) और अन्य विजिटर्स अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में आम जनता के लिए एंट्री पूरी तरह से फ्री रखी गई है.
समय सारणी की बात करें तो सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय केवल बिजनेस विजिटर्स के लिए रिजर्व रहेगा, जबकि दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक आम लोग मेले का लुत्फ उठा सकेंगे.
डीएम मेधा रूपम ने लिया तैयारियों का जायजा
तैयारियों का जायजा लेने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी (DM) मेधा रूपम ने एक्सपो मार्ट का दौरा किया. हमारे संवाददाता समीर आलम से खास बातचीत में डीएम ने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा और पार्किंग के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों और आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो.
यह भी पढ़ें: UP में मुस्लिम नेतृत्व की जंग: इमरान मसूद Vs इकरा हसन, पश्चिमी यूपी में सपा-कांग्रेस में खींचतान तेज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

