Bharat Express DD Free Dish

एक और एनकाउंटर: 7 घंटे में मिथुन का काम तमाम, पढ़ें इनामी बदमाश का काला चिट्ठा

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने 7 घंटे के अंदर चेन लूटेरा मिथुन बावरिया को मार गिराया है. उसके ऊपर 1.50 लाख का ईनाम घोषित था. पढ़िए मिथुन का पूरा काला चिट्ठा

UP Police Encounter Wanted Mithun Bavariya Gunned Down In Shamli Know Full Crime File Revealed

मिथुन का काम तमाम

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में रविवार शाम एक महिला से चेन लूटने वाले कुख्यात बावरिया गैंग के सरगना मिथुन बावरिया (40) को पुलिस ने महज 7 घंटे के अंदर एनकाउंटर में मार गिराया. मुठभेड़ सोमवार देर रात वेदखेड़ी-मंसूरपुर मार्ग पर हुई. मिथुन पर शामली में 50 हजार और बागपत में 1 लाख, कुल डेढ़ लाख रुपये का इनाम था.

चेन लूट के 7 घंटे बाद ही मुठभेड़

एसएसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे कंधला क्षेत्र में एक महिला से दिनदहाड़े चेन लूट की घटना हुई. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व मुखबिरों की मदद से बदमाशों का पता लगाया. सोमवार देर रात पुलिस को खबर मिली कि दोनों बदमाश वेदखेड़ी-मंसूरपुर मार्ग पर हैं. स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने इलाके को घेर लिया.

सरेंडर के लिए कहा तो की ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों से सरेंडर करने को कहा. जवाब में मिथुन बावरिया ने ऑटोमैटिक कार्बाइन और इटली निर्मित बरेटा पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में मिथुन को गोली लगी, जबकि उसका साथी कुलवीर अंधेरे व गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया.

पुलिसकर्मी को भी लगी गोली, जैकेट ने बचाई जान

मुठभेड़ में सिपाही हरविंदर सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में फंस गई. घायल मिथुन को पहले ऊन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

क्या-क्या बरामद हुआ?

  • 9 एमएम ऑटोमैटिक कार्बाइन (7 खोखा व 5 जिंदा कारतूस)
  • इटली निर्मित बरेटा पिस्टल .32 बोर (1 खोखा व 10 जिंदा कारतूस)
  • बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल
  • कई फर्जी आधार कार्ड व पहचान पत्र
  • शराब की बोतलें

25 से ज्यादा मुकदमे

मिथुन शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव का रहने वाला था और हिस्ट्रीशीटर था. उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती समेत 25 से अधिक मामले दर्ज थे. मिथुन पश्चिमी यूपी के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और दक्षिण भारत के कई राज्यों में सक्रिय था. वह हवाई जहाज से दूसरे राज्यों में जाता और वारदात के बाद ट्रेन से लौटता था.

  • 2019 में गांव के ही भरत कुमार की हत्या (मुखबिरी के शक में)
  • 2019 में इतवारी गांव के प्रधान पर चाकू से हमला
  • पत्नी से विवाद के बाद उस पर भी फायरिंग की थी, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर चली गई और दूसरी शादी कर ली

बावरिया गैंग का सरगना था मिथुन

बावरिया गैंग बावरिया समुदाय के कुछ लोगों का अंतरराज्यीय गिरोह है, जिसका सरगना मिथुन ही था. गैंग के सदस्य अलग-अलग राज मुखबिरी और रेकी करते थे, फिर मिथुन वारदात को अंजाम देता था. पंजाब के खन्ना, राजस्थान के भरतपुर और दिल्ली के जहांगीरपुरी में उसके ठिकाने थे.

ये भी पढ़ें: बलरामपुर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से आग का गोला बनी बस, 3 लोग जिंदा जले, 24 झुलसे

फरार साथी कुलवीर की तलाश जारी

मुठभेड़ के बाद रात भर गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग की गई. कुलवीर बागपत समेत कई जिलों में वांटेड है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. शामली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत है और अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read