Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

कब्जा करने वालों की खैर नहीं! जनता दर्शन में सीएम योगी ने दिए दो टूक निर्देश, बोले- संवेदनशीलता से हो हर समस्या का समाधान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं.

रिपोर्ट – रवि कुमार


लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद लोगों के पास जाकर उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश दिए.

जनता दर्शन में रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी बात बताते हुए भावुक हो गए. उन्होंने मुख्यमंत्री को शरीर पर लगी चोटें दिखाईं और आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर रुपये छीन लिए. बुजुर्ग की पीड़ा सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने को कहा.

मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने या घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और उसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.

जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर भी सख्त रुख

जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर जबरन या अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं. इन मामलों को लेकर योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर किसी दबंग व्यक्ति ने गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर कब्जा किया है, तो जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर राजस्व विभाग से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित न रखने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जमीन, राजस्व और कब्जे से संबंधित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.

हर फरियादी तक पहुंचे मुख्यमंत्री

जनता दर्शन में लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था. मुख्यमंत्री खुद उनके पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी बातें सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ितों की समस्याओं को केवल औपचारिक शिकायत मानकर न छोड़ें, बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनकी सुनवाई की जाए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए. इसके लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.

कानून व्यवस्था को लेकर दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए.

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग मामलों को सुनते हुए अधिकारियों को मौके के हिसाब से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. खासकर मारपीट, जमीन पर कब्जे और राजस्व से जुड़े मामलों में उन्होंने तेजी से कार्रवाई करने पर जोर दिया.

यह भी पढ़ें: ‘अब माता-पिता के पास जाना चाहती हूं’… 19 वर्षीय युवती के बयान पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital