शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार
Nawada School Viral Video: बिहार के नवादा जिले से एक बेहद संवेदनशील और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के आनंदपुरा इलाके के एक सरकारी स्कूल में तैनात प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) पर कक्षा 6, 7 और 8 की मासूम छात्राओं ने गंभीर और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं. छोटे-छोटे बच्चों के साथ स्कूल के ही मुख्य शिक्षक द्वारा की गई इस तरह की हरकतों से इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई गुस्से में है.
छात्राओं ने बयां की अपनी आपबीती
पीड़ित छात्राओं का कहना है कि हेडमास्टर का रवैया लंबे समय से ठीक नहीं था. वे स्कूल की बच्चियों से अक्सर गलत तरीके से बात करते थे और अनुचित व्यवहार करते थे. कुछ छात्राओं ने तो यह तक आरोप लगाया कि हेडमास्टर स्कूल के बाथरूम की तरफ ताक-झांक करते थे, उनका बाल खींचते थे और जबरन अपनी गोद में बैठाने की कोशिश करते थे.
एक छात्रा ने अपनी डरावनी दास्तां सुनाते हुए बताया कि जब वह पानी पीने के लिए जा रही थी, तब हेडमास्टर के केबिन के पास से गुजरने पर उन्हें अंदर बुलाया गया और कथित तौर पर जबरन गोद में बैठाकर अनुचित हरकत की गई. वहीं, एक अन्य छात्रा ने बताया कि परीक्षा के दौरान जब वह थोड़ा देर से पहुंची और अपना प्रश्नपत्र लेने के लिए हेडमास्टर के पास गई, तो उन्होंने गलत नीयत से उसका गाल छुआ. जब ऐसी हरकतें एक से ज्यादा छात्राओं के साथ हुईं, तो बच्चियों ने चुप रहने के बजाय आपस में बात की और फिर एक साथ मिलकर इस मामले की शिकायत की.
ये भी पढ़ें- JDU में ‘ऑल इज नॉट वेल’ ? बाहुबली अनंत सिंह और नीरज कुमार में जूतमपैजार जैसे हालात, डैमेज कंट्रोल में जुटे नेता
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
जब यह मामला स्कूल और बाहर के लोगों के सामने आया, तो हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया. नगर थानाध्यक्ष के अनुसार, छात्राओं की लिखित शिकायत पर सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद यादव के खिलाफ छेड़खानी और गलत नीयत से छूने जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है.
पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सख्त धाराएं भी जोड़ी हैं. आरोपी हेडमास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और अब आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से चल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है ताकि स्कूल से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी गहराई से पड़ताल की जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

