प्यार करने की मिली खौफनाक सजा
Saharanpur Viral Video: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के शक में एक शादीशुदा युवक को प्रेमिका के परिवारवालों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा. आरोप है कि लड़की के घरवालों ने पहले युवक को पकड़ा, फिर उसे रस्सी से बांधकर उल्टा लटका दिया और करीब आधे घंटे तक उसकी बेरहमी से पिटाई की. इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना मिर्जापुर थाना क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक, इलाके का रहने वाला एक शादीशुदा युवक बीती 9 सितंबर (बुधवार) की रात पास के ही गांव कासिमपुर अपनी प्रेमिका से मिलने गया हुआ था. जैसे ही इस बात की भनक लड़की के परिजनों को लगी, उन्होंने तुरंत युवक को दबोच लिया. इसके बाद गुस्से में आगबबूला परिवारवालों ने सारी हदें पार करते हुए युवक को रस्सी से बांधा और सिर नीचे तथा पैर ऊपर करके उसे उल्टा लटका दिया.
वायरल वीडियो ने खोली पोल
इस शर्मनाक और अमानवीय कृत्य के दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया, जो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक खुद को बचाने की लाख कोशिश कर रहा है और बार-बार अपना चेहरा छिपा रहा है, जबकि आसपास कई लोग तमाशबीन बनकर खड़े हैं.
5 लाख रुपये की वसूली का आरोप
रातभर जब युवक अपने घर नहीं लौटा, तो उसके परिवारवालों ने उसकी तलाश शुरू की. अगले दिन सुबह परिजनों को पता चला कि वह कासिमपुर गांव में है और उसे बंधक बनाकर पीटा गया है. इसके तुरंत बाद युवक के घरवाले मौके पर पहुंचे. सूत्रों और पीड़ित परिवार के दावों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मामले को रफा-दफा करने के लिए एक पंचायत बैठी. पंचायत के दौरान युवक को छोड़ने और विवाद खत्म करने के एवज में 5 लाख रुपये तय किए गए. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसमें से 3 लाख रुपये लड़की के परिवार ने और 2 लाख रुपये बीच के बिचौलियों ने वसूल लिए.
ये भी पढ़ें- आखिर बेजुबान का क्या था कसूर? करौली से सामने आया रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर; देखें VIDEO
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इतना सब होने के बाद लड़की पक्ष ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. हालांकि, वीडियो सामने आने और गंभीर मारपीट की बात जगजाहिर होने के बावजूद शुरुआती स्तर पर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कोई सख्त केस दर्ज न किए जाने को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है. अधिकारियों के निर्देश पर पीड़ित को सहारनपुर बुलाया गया है और पूरे मामले की बारीकी से तहकीकात की जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





