Baloch Rebels Target Pakistan: पाकिस्तान का राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व यानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसीम मुनीर इन दिनों देश के भीतर और बाहर से उठते विद्रोह की दोहरी चुनौती के बीच आगे कुआं पीछे खाई जैसी स्थिति में फंस गए हैं. आंतरिक मोर्चे पर बलूचिस्तान के अलगाववादी समूहों ने एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर IED विस्फोट कर अपनी ताकत दिखाई है. इससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और यात्री घायल हुए. यह हमला बलूचों का सीधा ऐलान है कि पाकिस्तान दहलता रहेगा. ‘पीछे की खाई’ के रूप में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान में पाकिस्तानी शासन के खिलाफ उठते तीव्र विरोध प्रदर्शनों ने इस्लामाबाद की मुश्किलें बेहिसाब बढ़ा दी हैं.
पाकिस्तान के सिंध-बलूचिस्तान बॉर्डर के पास जाफर एक्सप्रेस पर एक और खतरनाक हमला हुआ है. मंगलवार को सुल्तानकोट इलाके में एक विस्फोटक डिवाइस में धमाका होने से क्वेटा जा रही ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं, और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं.
हमले की जिम्मेदारी और पृष्ठभूमि
बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, और उनका कहना है कि यह हमला पाकिस्तानी सेना के जवानों को निशाना बनाकर किया गया था. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब बलूचिस्तान में अलगाववादी गुट लगातार हमले कर रहे हैं.
जाफर एक्सप्रेस पर यह कोई पहला हमला नहीं
जाफर एक्सप्रेस को हाल के महीनों में कई बार निशाना बनाया गया है. मार्च 2025 में, बलूच लिबरेशन आर्मी ने इस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था और 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया था. इस हमले में 21 लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे.
ये भी पढ़ें: क्या पिता की तरह मौसम वैज्ञानी बनेंगे चिराग पासवान? चुनावी तारिखों के साथ दिया PK को तगड़ा ऑफर
पाकिस्तान में बलूचिस्तान की स्थिति
बलूचिस्तान एक अस्थिर प्रांत बना हुआ है, जहां अलगाववादी गुट बुनियादी ढांचे, सुरक्षा बलों और परिवहन संपर्कों पर हमले जारी रखे हुए हैं. जाफर एक्सप्रेस जैसे हमलों की लगातार बढ़ती संख्या सिंध और बलूचिस्तान के बीच सीमावर्ती इलाकों में यात्रियों की सुरक्षा और स्थिरता, दोनों को लेकर चिंताएं पैदा करती है. पाकिस्तानी अधिकारी हमले की जांच कर रहे हैं और घायलों का इलाज कर रहे हैं. सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को घेर लिया है और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



