Donald Trump Increases Canada Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कनाडा पर लगाये गए टैरिफ (Tariff) में 10 प्रतिशत वृद्धि का ऐलान कर दिया है. जिसके बाद अब कनाडा पर कुल टैरिफ 45 प्रतिशत हो गया है. ट्रंप ने यह फैसला कनाडा के ओंटारियो प्रांत से प्रकाशित एक विज्ञापन को लेकर किया है.
कनाडा से प्रकाशित इस विज्ञापन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रॉनाल्ड रीगन (Ronald Reagan) की एक वीडियो क्लिप दिखाया गया है. जिसमें उन्होंने टैरिफ को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए इसे व्यापार युद्धों और आर्थिक संकट का कारण बताया है. अब ट्रंप ने इस विज्ञापन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे भ्रामक और गलत करार दिया. इसके बाद उन्होंने कनाडा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान कर दिया.
कनाडा का काम शत्रुतापूर्ण- ट्रंप
इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump)ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी दी. अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि उनका यह काम शत्रुतापूर्ण है. इस वजह से मैं कनाडा पर लगाये गए मौजूदा टैरिफ दरों को 10 प्रतिशत और बढ़ाता हूं.
कनाडा अमेरिका व्यापार वार्ता ठप
इससे पहले इस विज्ञापन की वजह से अमेरिका और कनाडा के बीच चल रही व्यापार वार्ताएं रोक दी गई थी. जिसपर ओटारियो के प्रीमियर डॉग फोर्ड ने कहा था कि वो इस विज्ञापन को अगले हफ्ते हटा लेंगे, लेकिन ट्रंप नहीं माने. उन्होंने कहा था कि यह विज्ञापन वर्ल्ड सीरीज गेम के पहले ही प्रसारित हो चुका है. जिसकी वजह से अब मामला खराब हो गया है.
ये भी पढ़ें- DeepFake और AI के दुरुपयोग पर लगाम लगाने की तैयारी में मोदी सरकार, IT नियमों में करेगी बड़ा बदलाव
कनाडा के पीएम के प्रपोजल पर व्हाइट हाउस मौन
डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा लगाये गए टैरिफ के चलते अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक रास्ते कुछ ठीक नहीं चल रहे हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को अमेरिका-कनाडा व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने का प्रपोजल दिया, लेकिन अभी तक व्हाइट हाउस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
कनाडा है दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार
बता दें कि, अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार कनाडा है. अब डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के इस टैरिफ वृद्धि से अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ सकता है.
इसी साल जुलाई में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाले समानों पर लगने वाले टैक्स को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत कर दिया था. जो अब 45 प्रतिशत हो गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



