Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

इक्वाडोर में प्रार्थना सभा के दौरान दर्दनाक हादसा, पादरी के सिर पर गिरा भारी क्रूस; अस्पताल में हुई मौत

इक्वाडोर के गुआयाकिल शहर में प्रार्थना सभा करा रहे पादरी पैट्रिसियो सांचेज की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. लाइव-स्ट्रीमिंग के दौरान दीवार पर लगा भारी क्रूस अचानक उनके सिर पर गिर पड़ा. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

क्विटो: दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां चर्च में शाम की प्रार्थना सभा करा रहे एक पादरी की जान उस समय चली गई, जब उनके ऊपर दीवार पर लगा एक भारी क्रूस अचानक गिर पड़ा. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब प्रार्थना सभा की लाइव-स्ट्रीमिंग चल रही थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है.

मृतक पादरी की पहचान पैट्रिसियो सांचेज के रूप में हुई है. वह इक्वाडोर के तटीय शहर गुआयाकिल स्थित परपेटुओ सोकोरो चर्च से जुड़े थे. गुआयाकिल की आर्चडायसीस ने उनकी मौत पर दुख जताते हुए घटना की पुष्टि की है.

प्रार्थना कराते समय अचानक गिरा क्रूस

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा शनिवार रात हुआ. उस समय फादर सांचेज वेदी के पीछे खड़े होकर प्रार्थना सभा में शामिल लोगों से बात कर रहे थे. इसी दौरान दीवार पर लगा बड़ा क्रूस अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और सीधे उनके सिर पर जा गिरा.

वीडियो में देखा जा सकता है कि क्रूस गिरते ही वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे और पादरी को संभालने के लिए उनकी ओर दौड़े. इसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

फादर सांचेज रोमन कैथोलिक धार्मिक संगठन ‘कांग्रेगेशन ऑफ द मोस्ट होली रिडीमर’ से जुड़े थे. इस संगठन की स्थापना साल 1732 में हुई थी और यह दुनिया के करीब 80 देशों में काम करता है.

मौत की बात कर रहे थे पादरी, कुछ मिनट बाद ही हुआ हादसा

इस घटना को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पादरी के आखिरी उपदेश की हो रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से कुछ ही मिनट पहले फादर सांचेज जीवन और मृत्यु के बारे में बात कर रहे थे. उन्होंने अपने उपदेश में ईसा मसीह के वचनों का जिक्र करते हुए लोगों को जिंदगी के असली मायने समझाने की कोशिश की थी.

उन्होंने लोगों से कहा था कि अपना कीमती समय केवल मोबाइल फोन पर स्क्रॉल करते हुए न बिताएं. इसके बजाय, समय का इस्तेमाल ईश्वर की भक्ति करने और अपने परिवार व प्रियजनों के साथ रहने में करें.

पादरी ने यह भी समझाया था कि एक दिन हर इंसान को इस दुनिया से जाना है. ऐसे में जरूरी है कि हम सोचें कि हम अपना समय किन चीजों पर खर्च कर रहे हैं और जिंदगी में वास्तव में हमारे लिए क्या मायने रखता है.

इस संदेश के कुछ ही देर बाद उनके साथ यह हादसा हो गया. उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने गहरा दुख जताया. घटना के हालात ने लोगों को भावुक कर दिया है.

आखिर दीवार से कैसे गिरा इतना भारी क्रूस?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दीवार पर लगा भारी क्रूस अचानक नीचे कैसे गिर गया. क्या उसे लगाने में कोई तकनीकी खामी थी या किसी दूसरी वजह से वह अपनी जगह से अलग हुआ, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

गुआयाकिल की आर्चडायसीस ने पादरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. हालांकि, हादसे की वजह को लेकर चर्च अधिकारियों की ओर से अब तक कोई विस्तृत सार्वजनिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है.

ये भी पढ़ें- Who is Anil Pandit: कौन है अनिल पंडित? टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले बिश्नोई गैंग के सरगना की पूरी कुंडली

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital