Bharat Express DD Free Dish

“देश को कर्ज़ की गुलामी की ओर धकेला जा रहा है”, एलन मस्क ने ट्रंप के खर्च विधेयक पर बोला करारा हमला, लोगों से की ये अपील

टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क (Elon Musk) ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख खर्च विधेयक पर तीखा हमला बोला है.

Elon Musk

अमेरिकी अरबपति एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप

टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क (Elon Musk) ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख खर्च विधेयक पर तीखा हमला बोला है. हाल ही में ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा देने के कुछ ही दिनों बाद, मस्क ने अमेरिकी नागरिकों से अपील की है कि वे कांग्रेस से संपर्क कर इस विधेयक को “KILL the BILL” (बिल को खत्म करो) कहें.

DOGE से एलन मस्क ने दिया था इस्तीफा

एलन मस्क ने सरकार में 130 दिनों तक एक “विशेष सरकारी कर्मचारी” के रूप में काम किया था. उन्हें सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) का नेतृत्व सौंपा गया था, जिसका मकसद सरकारी खर्चों में कटौती और अनावश्यक योजनाओं को समाप्त करना था. लेकिन उनके इस्तीफे के बाद से उन्होंने उसी प्रशासन की तीखी आलोचना शुरू कर दी है जिसे उन्होंने पहले समर्थन दिया था.

“अमेरिका को कर्ज़ की गुलामी की ओर धकेला जा रहा”

मस्क (Elon Musk) नेअपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, अमेरिका को कर्ज़ की गुलामी की ओर धकेला जा रहा है. एक नया खर्च विधेयक लाया जाना चाहिए जो घाटा और कर्ज़ की सीमा को 5 ट्रिलियन डॉलर तक न बढ़ाए.

मस्क ने लोगों से की अपील

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लोगों से अपील की कि “अपने सीनेटर को कॉल करें, अपने कांग्रेस प्रतिनिधि को कॉल करें. अमेरिका को दीवालिया बनाना ठीक नहीं है! KILL the BILL.

एक और पोस्ट में मस्क (Elon Musk) ने लिखा इस विधेयक में अमेरिका के इतिहास में कर्ज़ सीमा की सबसे बड़ी वृद्धि शामिल है. यह कर्ज़ गुलामी विधेयक है. यह तीखी प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब ट्रंप प्रशासन इस बिल को एक बड़ी, सुंदर योजना के रूप में प्रचारित कर रहा है, जिसमें व्यापक टैक्स कटौती, सैन्य खर्च में बढ़ोतरी जैसी घोषणाएं शामिल हैं.

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने इसे पिछले महीने बेहद कम अंतर से पास किया था. तीन रिपब्लिकन सांसदों ने इसके खिलाफ वोट किया, जबकि डेमोक्रेट्स ने पूरी तरह विरोध किया. एलन मस्क का यह बयान रिपब्लिकन पार्टी में गहराते तनाव को और उजागर कर रहा है. उन्होंने वादा किया है कि जो नेता “अमेरिकी जनता से विश्वासघात” कर रहे हैं, उन्हें आगामी मध्यावधि चुनावों में हराया जाएगा. मस्क पहले ही उनके चुनाव अभियानों में सैकड़ों मिलियन डॉलर का निवेश कर चुके हैं. ऐसे में उनकी नाराज़गी कई नेताओं की राजनीतिक स्थिति को खतरे में डाल सकती है.

यह भी पढ़ें- Trump Tariff: टैरिफ वॉर के बीच ट्रंप की एक और घोषणा, कहा- स्टील आयात शुल्क को 50% तक बढ़ाएंगे

व्हाइट हाउस ने मस्क (Elon Musk) की इस बगावत पर संयमित प्रतिक्रिया दी है. प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप एलन मस्क की राय से पहले ही अवगत हैं. यह एक बड़ी, सुंदर योजना है और वह इससे पीछे नहीं हटने वाले.”

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस विधेयक को 4 जुलाई तक पास कराने का लक्ष्य रखा है, जिसमें 4 ट्रिलियन डॉलर तक कर्ज़ सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव है. अमेरिका के वित्त विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर अगस्त तक यह सीमा नहीं बढ़ाई गई, तो अमेरिका के सामने इतिहास में पहली बार ऋण चूक (Debt Default) की स्थिति आ सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read