Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान में PTI के डर से सहमे मुनीर-शहबाज, वेल्डिंग से जोड़े कंटेनर, बुलडोजर लेकर आ रहे समर्थक

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने इमरान खान की रिहाई के लिए 27 सितंबर को इस्लामाबाद का घेराव करने का ऐलान किया है.

Preparations for a confrontation in Islamabad

इस्लामाबाद में टकराव की तैयारी

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने घोषणा की है कि 27 सितंबर को राजधानी इस्लामाबाद का घेराव किया जाएगा. यह प्रदर्शन इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर होगा. सरकार और सेना ने इसको रोकने के लिए राजधानी के चारों तरफ कंटेनर लगवा दिए हैं. कई जगहों पर कंटेनरों को वेल्डिंग करके जोड़ दिया गया है ताकि प्रदर्शनकारी अंदर न घुस सकें.

सेना और सरकार की चेतावनी

एक पाकिस्तानी रिपोर्ट के मुताबिक, सेना प्रमुख आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने साफ कहा है कि अगर पीटीआई कार्यकर्ता जबरन घुसने की कोशिश करेंगे तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा. इसके बावजूद पीटीआई ने पूरी तैयारी कर ली है. खैबर के मुख्यमंत्री इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे और खैबर से इस्लामाबाद तक यात्रा निकालने का ऐलान किया है.

बुलडोजर और क्रेन की तैयारी

पीटीआई समर्थक पूरे पाकिस्तान से बुलडोजर और क्रेन किराए पर जुटा रहे हैं. इन मशीनों का इस्तेमाल कंटेनरों को हटाने के लिए किया जाएगा ताकि प्रदर्शनकारी आसानी से इस्लामाबाद में प्रवेश कर सकें. पीटीआई नेता नईम हैदर पंजुथा ने कहा कि सरकार ने राजधानी को लॉक कर दिया है, लेकिन हम इसे खोलेंगे.

2024 से बड़ा प्रदर्शन

पीटीआई की योजना है कि यह प्रदर्शन 2024 के मुकाबले और बड़ा हो. इमरान खान 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजने का आदेश दिया था, लेकिन सरकार ने इस फैसले को लागू नहीं किया. फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, इमरान खान अभी भी पाकिस्तान में बेहद लोकप्रिय हैं और लोग सेना के कथित अवैध शासन से परेशान हैं.

सरकार का सख्त रुख

पाकिस्तान सरकार के सूचना मंत्री अता तरार ने कहा है कि किसी भी हालत में पीटीआई कार्यकर्ताओं को इस्लामाबाद में घुसने नहीं दिया जाएगा. सरकार और सेना दोनों इस प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं.

ये भी पढ़ें-सड़कों पर बिछे कंटीले तार, कंटेनरों पर वेल्डिंग… पाकिस्तान में शहबाज सरकार की ‘जंग’ जैसी तैयारी! इमरान को छुड़ाने के लिए इस्लामाबाद कूच करेंगे समर्थक

इमरान खान जेल में क्यों?

2023 में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते इमरान खान को जेल भेजा गया था. उनकी पत्नी बुशरा भी जेल में हैं. हालांकि अब उनके खिलाफ सिर्फ एक मामला बचा है. इमरान का आरोप है कि अदालतें जानबूझकर उनके केस को लटकाए हुए हैं और यह सब सेना प्रमुख आसिम मुनीर के इशारे पर हो रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read