खालिस्तान समर्थकों की मनमानी और हिंसा बढ़ती ही जा रही है. कनाडा में अब ऑस्ट्रेलिया से भी इसी तरह की परेशान करने वाली खबरें सामने आ रही हैं. ताज़ा मामला मेलबर्न का है, जहां भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान खालिस्तान समर्थकों ने जमकर उपद्रव किया. सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं. जो भारतीय समुदाय के लोगों में चिंता और गुस्सा बढ़ा रहे हैं.
स्वतंत्रता दिवस पर हंगामा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलबर्न में भारत के कॉन्सुल जनरल के दफ्तर के बाहर स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. यहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग तिरंगा लहराने और देशभक्ति के गीतों के साथ जश्न मना रहे थे. इसी दौरान, खालिस्तान समर्थकों का एक ग्रुप झंडे और बैनर लेकर वहां पहुंचा और नारेबाज़ी शुरू कर दी. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर माहौल शांत कराना पड़ा.
हिंदू मंदिर भी बना निशाना
यह पहली बार नहीं है जब मेलबर्न में भारतीय प्रतीकों को निशाना बनाया गया हो. कुछ दिन पहले मेलबर्न के एक हिंदू मंदिर की दीवारों पर नफरती नारे लिखे गए थे. ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया चैप्टर में हिंदू परिषद के प्रमुख मकरंद भागवत ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा था,
“हमारे मंदिर शांति, भक्ति और एकता के प्रतीक हैं. यहां तोड़फोड़ हमारी पहचान, पूजा के अधिकार और धर्म की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है.”
ये भी पढ़ें- इस्तीफे के बाद कहां हैं जगदीप धनखड़? आखिर चल गया पता; जानिए ठिकाना
आयरलैंड में भी बढ़ी हिंसा की घटनाएं
ऑस्ट्रेलिया के बाद अब आयरलैंड से भी चिंताजनक खबरें मिल रही हैं. बीते कुछ हफ्तों में वहां भारतीय नागरिकों पर हिंसा और हमले के कई मामले सामने आए हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है.
उन्होंने बताया,
“आयरलैंड में भारतीयों के खिलाफ हिंसा के कई मामले दर्ज हुए हैं. हमने इस मुद्दे को डबलिन स्थित भारतीय दूतावास और यहां आयरिश अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाया है.”
विदेश में भारतीयों की सुरक्षा पर सवाल
कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड से भारतीय समुदाय पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. जिसको लेकर भारत सरकार ने भी आवश्यक कदम उठाया है. भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वो अपने नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरतेगी.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

