Bharat Express DD Free Dish

इजरायल के PM नेतन्याहू बोले- 1 लाख लोग गाजा छोड़ चुके हैं, आसमान से गिरवाए थे पर्चे, जल्द शहर खाली करने का फरमान

इजरायल के पीएम नेतन्याहू बोले- 1 लाख लोग गाजा सिटी छोड़ चुके हैं. IDF ने इसे युद्ध क्षेत्र घोषित किया, हमास पर मानव ढाल बनाने का आरोप लगाया. UN ने मानवीय संकट पनपने की आशंका जताई है.

Benjamin netanyahu

इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Gaza City: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि गाजा सिटी से करीब 1 लाख लोग पलायन कर चुके हैं. यरुशलम में एक उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने कहा कि हमास स्थानीय लोगों को रोकने की कोशिश कर रहा है ताकि उन्हें मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जा सके.

नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हमास ने महिलाओं और बच्चों पर गोली चलाकर उन्हें शहर छोड़ने से रोकने की कोशिश की. टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल गाजा सिटी में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान की योजना बना रहा है, जिसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं.

IDF की चेतावनी और पर्चों वाला अभियान

इजरायली सेना (IDF) ने शनिवार को गाजा सिटी में आसमान से पर्चे गिराकर लोगों से शहर खाली करने का आह्वान किया. IDF ने गाजा सिटी को हमास का गढ़ और युद्ध क्षेत्र घोषित किया है. सेना ने लोगों को दक्षिणी गाजा में बनाए गए मानवीय शिविरों में जाने की सलाह दी है, जहां अस्थायी अस्पताल, खाना-पानी और टेंट की व्यवस्था का दावा किया गया है. IDF का कहना है कि सुरक्षित रास्तों से लोग गाड़ियों के जरिए इन शिविरों तक पहुंच सकते हैं.

इस कवायद से मानवीय संकट गहराएगा: UN

संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इजरायल के इस कदम पर चिंता जताई है. UN का अनुमान है कि गाजा सिटी में अभी भी करीब 10 लाख फिलिस्तीनी मौजूद हैं. इन संगठनों ने कहा कि इजरायल द्वारा घोषित मानवीय क्षेत्र में उनकी कोई भागीदारी नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि लाखों लोगों का पलायन मानवीय संकट को और गहरा सकता है, जिससे भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की कमी बढ़ेगी.

इजरायल के सैन्य अभियान की रणनीति

इजरायली सेना (IDF) गाजा सिटी के अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ रही है. इजरायल का कहना है कि यह अभियान हमास के अंतिम गढ़ों को खत्म करने के लिए है. नेतन्याहू ने इसे ‘निर्णायक चरण’ करार दिया है.

यह भी पढ़िए: Trump Gaza Plan: इजरायल के पलटवार में तबाह हुए गाजा को अब दुबई जैसा भव्‍य शहर बनाना चाहते हैं ट्रम्‍प, फिलिस्तीनियों को देंगे ₹4-4 लाख मुआवजा

Also Follow Bharat Express on X



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read