Bharat Express DD Free Dish

Facebook Instagram Down: दुनियाभर में डाउन हुईं मेटा की सर्विस, अचानक लॉगआउट हुए फेसबुक-इंस्टा अकाउंट, एलन मस्क के ‘X’ पर शिकायतों की बाढ़

Meta Global Outage: फेसबुक, इंस्टाग्राम और डेस्कटॉप वॉट्सऐप बंद होने से दुनियाभर में कोहराम मचा. मेटा की सेवाएं ठप होने से यूजर्स परेशान, ‘X’ पर शिकायतों की बाढ़ आई.

meta-facebook-instagram-whatsapp
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों लोगों के लिए शुक्रवार की शाम बड़ी परेशानी लेकर आई. दिग्गज टेक कंपनी मेटा (Meta) के मुख्य प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम अचानक ठप हो गए. दुनियाभर के लाखों यूजर्स को इन ऐप्स को चलाने में दिक्कत आ रही है. भारत सहित कई देशों में लोग न तो अपनी फीड देख पा रहे हैं और न ही किसी को मैसेज भेज पा रहे हैं.

अचानक लॉगआउट हुए अकाउंट्स

यूजर्स के अनुसार, यह समस्या अचानक शुरू हुई. कई लोगों के चालू फेसबुक और मैसेंजर अकाउंट्स अपने आप लॉगआउट हो गए. जब यूजर्स ने दोबारा पासवर्ड डालकर लॉगइन करने की कोशिश की, तो स्क्रीन पर ‘अनएक्सपेक्टेड एरर’ (Unexpected Error) लिखा हुआ आ रहा है. वहीं इंस्टाग्राम पर ‘समथिंग वेंट रॉन्ग’ (Something Went Wrong) का मैसेज दिखाई दे रहा है और नई पोस्ट लोड नहीं हो रही हैं.

डेस्कटॉप पर वॉट्सऐप भी हुआ बंद

परेशानी सिर्फ मोबाइल ऐप्स तक ही सीमित नहीं है. कंप्यूटर या लैपटॉप पर ‘वॉट्सऐप वेब’ (WhatsApp Web) का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स भी परेशान हैं. गूगल क्रोम ब्राउज़र पर वॉट्सऐप ओपन करने पर पूरी स्क्रीन खाली यानी ब्लैंक आ रही है. इससे दफ्तरों में काम करने वाले लोगों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है. आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ (Downdetector) पर कुछ ही मिनटों में एक लाख से ज्यादा लोगों ने इस खराबी की शिकायत दर्ज कराई है.

मेटा का बिजनेस एड मैनेजर भी प्रभावित

इस तकनीकी खराबी का असर मेटा के बिजनेस पर भी पड़ा है. कंपनी का ‘मेटा एड्स मैनेजर’ (Meta Ads Manager) भी डाउन हो गया है, जिससे विज्ञापनों की डिलीवरी रुक गई है. फिलहाल मेटा की तकनीकी टीम इस खराबी को ठीक करने में जुटी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बंद होते ही लोग एलन मस्क के प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर आ गए और वहां लगातार मीम्स और अपनी शिकायतें शेयर कर रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read