Bharat Express DD Free Dish

नेपाल में बेजुबान से क्रूरता: बीमार कुत्ते को नदी में फेंका, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी महिला गिरफ्तार

नेपाल के बाझांग जिले से जानवरों के प्रति क्रूरता का एक वीभत्स मामला सामने आया है, जहां एक बीमार कुत्ते को जिंदा पुल से सेती नदी में फेंक दिया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी महिला बिमला देवी रोकाय को गिरफ्तार कर लिया है.

Bajhang Viral Video

कुत्ते को नदी में फेंकने वाली महिला गिरफ्तार

Bajhang Viral Video: जानवरों के प्रति बढ़ती क्रूरता का एक बेहद शर्मनाक मामला नेपाल के बाझांग जिले से सामने आया है. यहां पुलिस ने 42 साल की महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने एक बीमार और असहाय कुत्ते को जिंदा ही पुल से नीचे सेती नदी में फेंक दिया था, जिसका वीडिया पिछले दिन से सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इंटरनेट लोग इस हरकत की कड़ी निंदा कर रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान बिमला देवी रोकाय के रूप में हुई है, जो जयपृथ्वी नगरपालिका-3 के पादेस इलाके की रहने वाली हैं. पुलिस ने उन्हें चैनपुर स्थित जयपृथ्वी नगरपालिका-10 के पंकट पुल से कुत्ते को नदी में फेंकने के आरोप में हिरासत में लिया है. फिलहाल पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

क्यों उठाया गया यह कदम?

पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में एक चौंकाने वाला सच सामने आया है. पता चला है कि वह बेकसूर कुत्ता पिछले करीब दो हफ्तों से काफी बीमार चल रहा था. उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसके शरीर का पिछला हिस्सा सड़ने लगा था और उसमें से बदबू भी आ रही थी.

आरोपी महिला बिमला देवी ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उनके घर के पास से गुजरने वाले लोगों को वह बीमार कुत्ता काटने लगा था. इसी बात से परेशान होकर और गुस्से में आकर उन्होंने पंकट पुल से उसे सीधे बहती नदी में फेंक दिया.

ये भी पढ़ें- नेपाल में इंसानियत शर्मसार! जिंदा कुत्ते को पुल से उफनती नदी में फेंका, पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश

कानून के शिकंजे में आरोपी

एक बेजुबान और बीमार जानवर के साथ इस तरह की क्रूरता करने को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी गुस्सा है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बेजुबानों पर अत्याचार करने वालों को उचित सजा मिल सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read