पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर बिगड़े हालात
Pakistan Afghanistan Border Tensions: दुनिया में चल रही कई जंगों के बीच अब भारत के दो पड़ोसी देशों के बीच तनाव बढ़ गया है. अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद एक बार फिर से गंभीर तनाव की स्थिति में पहुंच गया है. इससे क्षेत्र में एक नए संघर्ष की आशंका गहरा गई है. नुरिस्तान प्रांत के कमदेश जिले में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बॉर्डर पर बाड़ लगाने की कोशिशों का तालिबान लड़ाकों द्वारा विरोध किया गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच में भीषण झड़प हुई. तुरंत बाद कुनार प्रांत के नरई जिले के डोकलाम इलाके में भी ताबड़तोड़ गोलीबारी की खबरें आईं. दोनों देशों के बीच अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही तनाव चला आ रहे हैं. अब हालात कुछ आगे बढ़ गए हैं. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं दुनिया नई जंग के मुहाने पर तो नहीं पहुंच रही है.
झड़प की जड़ में पाकिस्तान का वह आरोप है कि तालिबान, टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के लड़ाकों को पनाह दे रहा है. इका तालिबान लगातार खंडन करता रहा है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दोनों देशों के पहले से ही नाजुक रिश्तों के बीच इस तरह की हिंसक झड़पें सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे क्षेत्र की स्थिरता को और भी बिगाड़ सकती हैं.
बॉर्डर (Pakistan Afghanistan Border) रुक-रुक कर जारी है झड़प
अफगान मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नुरिस्तान प्रांत के कमदेश जिले में पाकिस्तानी सैनिक बॉर्डर पर बाड़ लगाने की कोशिश कर रहे थे, जिसका तालिबान लड़ाकों ने विरोध किया. इसे लेकर दोनों के बीच झड़प हो गई. स्थानीय सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत के नरई जिले के डोकलाम इलाके में भी तालिबान और पाकिस्तानी बलों के बीच गोलीबारी हुई.
यह झड़प रुक-रुक कर जारी रही. सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने इलाके में टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के मौजूद होने का आरोप लगाते हुए फायरिंग शुरू की. अभी तक किसी हताहत या नुकसान की जानकारी नहीं मिली है. तालिबान ने इस घटना पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
अफगान-पाक सीमा पर बढ़ता तनाव
हाल के महीनों में अफगान-पाक सीमा (Pakistan Afghanistan Border) पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. पाकिस्तान जहां तालिबान पर टीटीपी को पनाह देने का आरोप लगाता है, वहीं तालिबान पाकिस्तान पर सीमा पार गोलाबारी का आरोप लगाता है. तालिबान टीटीपी की मौजूदगी से इनकार करता है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में टीटीपी के करीब 6,000 लड़ाके मौजूद हैं.
ये भी पढ़ें: रत्तीभर अपमान नहीं सहेगा पीएम मोदी का हिंदुस्तान, पुतिन की ट्रंप को चेतावनी; दबाव बनाना बंद करे अमेरिका
पहले भी हो चुकी है भिड़ंत
इससे पहले मई महीने में भी पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच हिंसक टकराव (Pakistan Afghanistan Tensions)हुआ था. उस समय अफगानिस्तान के बरमाचा बॉर्डर इलाके में दोनों ओर से भारी गोलीबारी की गई थी. विवाद की जड़ नई चौकियों के निर्माण को लेकर पैदा हुई थी. पिछले साल दिसंबर में भी इसी तरह की झड़प देखने को मिली थी, जब अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के सरहदी इलाकों पर बड़ा हमला बोला था. इस कार्रवाई में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने भी तालिबान का साथ दिया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, उस हमले में पाकिस्तान के करीब 19 सैनिक मारे गए थे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

