Asim Munir: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिका की धरती से अबतक का सबसे विवादित बयान दिया है. आसिम मुनीर ने भारत को धमकी देते हुए कहा कि अगर हमें भारत से खतरा महसूस हुआ तो हम तो डूबेंगे ही साथ ही आधी दुनिया को भी ले डूबेंगे.
अमेरिका की धरती से भारत को परमाणु युद्ध की धमकी देने का यह अपनी तरह का पहला मामला है. यह पहली बार डोनाल्ड ट्रंप के शासन में ही हुआ है कि पाकिस्तान का कोई सेना प्रमुख भारत को खुलेआम परमाणु जंग की चुनौती दे रहा हो.
“हम एक एटमी ताकत हैं”
पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस समय अमेरिकी दौरे पर हैं. वो बिजनेसमैन और वाणिज्य दूत अदनान असद के द्वारा टैम्पा में आयोजित एक ब्लैक-टाई डिनर में शामिल होने पहुंचे. जहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा,
“हम एक एटमी ताकत हैं, अगर हमें कभी ये लगा कि हम डूब रहे हैं तो हम आधी दुनिया को साथ लेकर डूबेंगे”
भारत पर मिसाइल अटैक की दी धमकी
आसिम मुनीर ने इस दौरान भारत पर मिसाइल अटैक की भी धमकी दी. उन्होंने सिंधु नदी पर भारत के द्वारा बनाए जा रहे बांध को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि “हम सिंधु नदी पर भारत के द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वो ऐसा करेगा तो हम 10 मिसाइलों से नष्ट कर देंगे”
उन्होंने आगे कहा कि सिंधु नदी भारत की जागीर नहीं है. हमारे पास मिसाइलों की कमी नहीं है, अल्हम्दुलिल्लाह.
“भारत चमचमाती मर्सिडीज और पाकिस्तान डंपर”
पाक सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान चार दिनों तक चले भारत-पाक संघर्ष के बाद दो महीने के अंदर दूसरी बार अमेरिका पहुंचे हैं. उन्होंने अपने भाषण के दौरान भारत की तुलना “हाईवे पर दौड़ती मर्सिडीज” और पाकिस्तान की तुलना पत्थर लदे डंपर से की. उन्होंने कहा कि भारत हाईवे पर चमचमाती चलती मर्सिडीज है, लेकिन हम पत्थर लादकर चल रहे एक डंपर हैं. अगर मर्सिडीज, डंपर से टकराती है तो नुकसान किसका होगा?
ये भी पढ़ें- IAF ने दिखाए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अनसीन VIDEO, बताया कैसे खत्म होता है कोई भी युद्ध?
भारत पर अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में संलिप्तता का लगाया आरोप
मुनीर ने आगे कहा कि भारत अपने आपको विश्वगुरु के रूप में देख रहा है, जबकि वो इससे बहुत दूर है. पाक सेना प्रमुख ने भारत पर अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में संलिप्तता का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कनाडा में सिख नेता की हत्या, कतर में 8 भारतीय नौसैनिकों की गिरफ्तारी और पाकिस्तान में कुलभूषण जाधव की घटनाएं इस बात का प्रमाण है कि भारत अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में संलिप्त है.
अपने अमेरिकी दौरे के दौरान आसिम मुनीर ने अमेरिका के राजनीतिक व्यक्तियों और कई सैन्य अधिकारियों से भी मुलाकत की. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल कुरील के सेवानिवृत्ति समारोह में भी भाग लिया.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




