Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान में मुनीर की तानाशाही, क्या सच में पागल हो गए हैं इमरान? जेल से भड़काऊ बयान देने का आरोप

पाकिस्तान सेना ने आडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानसिक रोगी बताया. सेना प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने आरोप लगाया कि इमरान दुश्मन की भाषा बोल रहे हैं और जनता को सेना के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.

पाकिस्तान की आडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को लेकर सेना ने चौंकाने वाला बयान दिया है. सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि इमरान अब मानसिक रोगी हो चुके हैं और गद्दारों की भाषा बोल रहे हैं. उनका आरोप है कि जेल से इमरान आम नागरिकों को सेना के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

शेख मुजीब-उर रहमान का जिक्र

चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इमरान खान (Imran Khan) हर बयान में शेख मुजीब-उर रहमान का नाम लेते हैं. उन्होंने इसे मुल्क के साथ गद्दारी बताया. दरअसल, मुजीब-उर रहमान को 1971 में पाकिस्तान के विभाजन का जिम्मेदार माना जाता है. सेना का कहना है कि इमरान दुश्मन की भाषा बोल रहे हैं और यह देश के लिए खतरनाक है.

बहन से मुलाकात के बाद विवाद

यह बयान उस समय आया है जब तीन दिन पहले इमरान खान (Imran Khan) की बहन उज्मा ने उनसे जेल में मुलाकात की थी. उज्मा ने बाहर आकर कहा था कि उनका भाई पूरी तरह स्वस्थ है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर तीन दिन में ही इमरान (Imran Khan) को पागल कैसे घोषित कर दिया गया.

अनुच्छेद 19 और सेना की नाराजगी

सेना प्रवक्ता ने आगे कहा कि अनुच्छेद 19 में सिर्फ अभिव्यक्ति की आजादी का जिक्र है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि विपक्ष लोकतंत्र की परिभाषा तय करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान हर मुलाकात में सेना प्रमुख के खिलाफ बयान देते हैं और सेना को हर मामले में घसीटते हैं.

ये भी पढ़ें-व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति भवन में पहले किस अधिकारी से मिलाया हाथ? Video Viral

आसिम मुनीर की तैनाती के बाद बयान

गौर करने वाली बात यह है कि यह बयान उस समय आया जब पाकिस्तान सरकार ने 4 दिसंबर को सेना प्रमुख आसिम मुनीर को रक्षा प्रमुख बना दिया. अब तीनों सेनाओं की कमान उनके हाथ में है और उन्हें हटाया नहीं जा सकता. ब्रिटेन के अखबार ने इस फैसले को मुनीर को तानाशाह बनाने वाला कदम बताया है. दिलचस्प है कि इमरान खान (Imran Khan) पर सेना का यह सीधा हमला मुनीर के प्रमोशन के ठीक एक दिन बाद हुआ है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read