Pakistan Oil Exploration: पाकिस्तान का नाम सुनते ही दुनिया के सामने आतंकवाद, गरीबी और मानवाधिकार उल्लंघन की तस्वीरें उभर आती हैं लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान तरक्की के सपने देख रहा है. कर्ज के बोझ से दबा यह मुल्क अब तेल निकालकर अपनी किस्मत बदलने की कोशिश कर रहा है. इसी सिलसिले में पाकिस्तान ने सिंध के तट पर एक कृत्रिम द्वीप (आर्टिफिशियल आइलैंड) बनाने की योजना बनाई है.
अमेरिकी राष्ट्रपति की रुचि
कहा जा रहा है कि जब से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के तेल भंडार में रुचि दिखाई है, इस्लामाबाद की सरकार ने ड्रिलिंग की कोशिशें तेज कर दी हैं. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हालिया स्टडी में अपतटीय बेसिनों में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी के संकेत मिले हैं. यही वजह है कि पाकिस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (PPL) ने सिंध के सुजावल से करीब 30 किलोमीटर दूर इस कृत्रिम द्वीप का निर्माण शुरू करने का ऐलान किया है.
कंपनी के जनरल मैनेजर का क्या कहना है?
कंपनी के जनरल मैनेजर अरशद पालेकर ने बताया कि यह लॉन्चपैड छह फीट ऊंचा होगा ताकि समुद्र में ऊंची लहरें और ज्वार-भाटा ड्रिलिंग में बाधा न डाल सकें. उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की प्रेरणा अबू धाबी से ली गई है, जहां कृत्रिम द्वीपों का इस्तेमाल ड्रिलिंग के लिए सफलतापूर्वक किया गया है.
फरवरी तक निर्माण कार्य हो जाएगा पूरा
पालेकर ने आगे बताया कि द्वीप का निर्माण कार्य फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा और इसके तुरंत बाद इसे चालू करने की योजना है. पाकिस्तान को उम्मीद है कि इस कदम से उसे तेल और गैस के नए स्रोत मिलेंगे और आर्थिक संकट से बाहर निकलने का रास्ता भी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

