Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

पुलित्जर पुरस्कारों की घोषणा, अमेरिका के इन अखबारों और न्यूज एजेंसी ने मारी बाजी

पुलित्जर पुरस्कार अमेरिका में समाचार-पत्र, पत्रिका, ऑनलाइन पत्रकारिता, साहित्य और संगीत रचना में उपलब्धियों के लिए कोलंबिया विश्वविद्यालय द्वारा दिया जाने वाला एक पुरस्कार है.

(प्रतीकात्मक फोटो साभार: फेसबुक)

अमेरिका के दैनिक समाचार-पत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ और ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ को वर्ष 2023 में गाजा में युद्ध से लेकर बंदूक हिंसा जैसी घटनाओं पर उल्लेखनीय कार्य के लिए सोमवार (6 मई) को तीन श्रेणियों में प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया गया.

इसके अलावा समाचार एजेंसी ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) ने लैटिन अमेरिका के जरिये अमेरिका में प्रवासियों के आने के कवरेज के लिए फीचर फोटोग्राफी श्रेणी का पुलित्जर पुरस्कार जीता. एजेंसी को महामारी के दौरान सार्वजनिक स्कूलों से गायब हुए हजारों बच्चों की कवरेज के लिए राष्ट्रीय रिपोर्टिंग पुलित्जर के लिए फाइनलिस्ट भी नामित किया गया.

द न्यूयॉर्क टाइम्स

हमास की ओर से पिछले साल 7 अक्टूबर में इजरायल पर किए गए हमले और उसके बाद की परिस्थितियों को लेकर उल्लेखनीय पत्रकारिता करने के लिए ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने दो पुलित्जर पुरस्कार और एक विशेष पुरस्कार जीता है.

अखबार को ‘7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजरायल में हमास के घातक हमले की व्यापक और रहस्योद्घाटन कवरेज’ के साथ-साथ ‘इजरायली सेना की व्यापक और घातक प्रतिक्रिया’ पर रिपोर्टिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग श्रेणी में पुलित्जर सम्मान मिला.

इसके अलावा न्यूयॉर्क टाइम्स की हन्ना ड्रेयर को ‘अमेरिका में प्रवासी बाल श्रम की आश्चर्यजनक बढ़त और इसे कायम रखने वाली कॉरपोरेट और सरकारी विफलताओं को उजागर करने वाली गहन रिपोर्ट की सीरीज’ के लिए सम्मानित किया गया.

द वॉशिंगटन पोस्ट

वॉशिंगटन पोस्ट ने राष्ट्रीय रिपोर्टिंग, संपादकीय लेखन और कमेंट्री श्रेणी के लिए पुलित्जर पुरस्कार जीता. पोस्ट को सार्वजनिक सेवा श्रेणी में फाइनलिस्ट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग और इलस्ट्रेटेड रिपोर्टिंग और कमेंट्री की श्रेणियों में फाइनलिस्ट के रूप में भी सम्मानित किया गया.

राष्ट्रीय रिपोर्टिंग श्रेणी में ‘एआर-15 सेमीऑटोमैटिक राइफल की गंभीर जांच’ पर आधारित सीरीज ‘अमेरिकन आइकॉन’ के लिए वॉशिंगटन पोस्ट स्टाफ को सम्मानित किया गया. वॉशिंगटन पोस्ट ओपिनियन सेक्शन के लिए व्लादिमीर पुतिन के रूस पर अपने शक्तिशाली विश्लेषण के लिए व्लादिमीर कारा-मुर्जा को कमेंट्री श्रेणी में पुलित्जर सम्मान दिया गया. कारा-मुर्जा 2022 से रूस में कैद हैं और पिछले साल देशद्रोह के आरोप में उन्हें 25 साल जेल की सजा सुनाई गई थी.

इसके अलावा असहमति को दबाने के लिए निरंकुश शासकों की आधुनिक रणनीति की जांच करने वाली संपादकीय सीरीज लिखने वाले डेविड ई. हॉफमैन को संपादकीय लेखन में पुलित्जर दिया गया.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने 7 अक्टूबर 2023 के ​हमास के हमले और इजरायली प्रतिक्रिया के कवरेज के लिए ब्रेकिंग न्यूज फोटोग्राफी के लिए पुरस्कार जीता, जबकि एक विशेष प्रशस्ति-पत्र में ‘गाजा में युद्ध को कवर करने वाले पत्रकारों और मीडियाकर्मियों’ को मान्यता दी गई.

इस वर्ष की राष्ट्रीय रिपोर्टिंग श्रेणी में दो विजेता थे. वॉशिंगटन पोस्ट के स्टाफ के अलावा रॉयटर्स के कर्मचारियों ने अरबपति एलन मस्क द्वारा संचालित ऑटोमोबाइल और एयरोस्पेस व्यवसायों पर केंद्रित ‘एकाउंटिबिलिटी रिपोर्ट की एक ​सीरीज’ के लिए यह सम्मान हासिल किया.

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, कोलंबिया विश्वविद्यालय में दिए गए पुरस्कार ऐसे समय में दिए गए हैं, जब न्यूयॉर्क कॉलेज को फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस बुलाने के बाद प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा है. पुलिस ने बड़े पैमाने पर मीडिया को घटनास्थल पर जाने से रोका और घटनाओं को कवर करने वाले छात्र पत्रकारों को गिरफ्तारी की धमकी दी. अन्य पुरस्कारों में प्रवासी बाल श्रम, कानूनी प्रणाली में नस्लीय असमानताओं और बंदूक हिंसा पर अमेरिकी पत्रकारों की रिपोर्टिंग को सम्मानित किया गया.

NGO ‘प्रोपब्लिका’ भी सम्मानित

खोजी पत्रकारिता के लिए समर्पित न्यूयॉर्क शहर में स्थित गैर-लाभकारी संगठन (NGO) ‘प्रोपब्लिका’ (ProPublica) ने प्रतिष्ठित लोक सेवा (पब्लिक सर्विस) पुरस्कार जीता. उसे अमेरिकी उच्चतम न्यायालय पर की गईं खबरों के लिए यह पुरस्कार दिया गया, जिनमें अरबपतियों द्वारा न्यायाधीशों को महंगे इलाज और विलासितापूर्ण यात्राओं के उठाए गए खर्च का खुलासा किया गया था. संवाददाता जोशुआ कपलान, जस्टिन इलियट, ब्रेट मर्फी, एलेक्स मिरजेस्की और कर्स्टन बर्ग के काम को इसके जरिये सम्मान दिया गया.

पुलित्जर पुरस्कार

वर्ष 2023 के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ कार्य के अलावा पुस्तक, संगीत और रंगमंच समेत कला जगत की आठ श्रेणियों में भी यह पुरस्कार दिया गया है. लोक सेवाओं के विजेताओं को स्वर्ण पदक जबकि अन्य सभी विजेताओं को 15,000 अमेरिकी डॉलर की राशि पुरस्कार में दी जाती है.

लेखिका जेने ऐनी फिलिप्स ने अमेरिकी गृह युद्ध के दौरान और उसके बाद एक मां और बेटी के बारे में अपने उपन्यास ‘नाइट वॉच’ के लिए फिक्शन पुरस्कार जीता, जबकि नॉन-फिक्शन पुरस्कार नाथन थ्रॉल के ‘अ डे इन द लाइफ ऑफ अबेद सलामा: एनाटॉमी ऑफ अ जेरुसलम ट्रैजडी’ को दिया गया.

पुलित्जर पुरस्कार अमेरिका में समाचार-पत्र, पत्रिका, ऑनलाइन पत्रकारिता, साहित्य और संगीत रचना में उपलब्धियों के लिए कोलंबिया विश्वविद्यालय द्वारा दिया जाने वाला एक पुरस्कार है. इसकी स्थापना 1917 में जोसेफ पुलित्जर की वसीयत के प्रावधानों द्वारा की गई थी, जो एक राजनीतिज्ञ और समाचार-पत्र प्रकाशक थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital