Bharat Express DD Free Dish

Ukraine-Russia War: क्यों पुतिन के लिए G7 देशों से भिड़ गए ट्रंप! रूस को लेकर बदल रही है अमेरिका की नीति

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के आक्रमण के बजाय यूक्रेन को ही युद्ध शुरू करने के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया है, ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका की नीति में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं.

Donald Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. (फाइल फोटो)

Ukraine-Russia War: 24 फरवरी 2022 को शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध को तीन साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी भी इसके खत्म होने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. इस संघर्ष में दोनों देशों के हजारों सैनिक मारे जा चुके हैं और अनगिनत लोग घायल हुए हैं. इस दौरान अमेरिका और यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को महत्वपूर्ण सैन्य और आर्थिक सहायता दी, जिससे यह युद्ध अब तक जारी है.

हालांकि, हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने विवाद को जन्म दे दिया. उन्होंने रूस के आक्रमण के बजाय यूक्रेन को ही युद्ध शुरू करने के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया. यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि अमेरिका, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में यूक्रेन का सबसे बड़ा सहयोगी रहा है और उसने अरबों डॉलर की सहायता मुहैया कराई. ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका की नीति में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं.

जी7 समूह का बयान और अमेरिका की आपत्ति

रूस-यूक्रेन युद्ध की तीसरी वर्षगांठ पर जी7 देशों की ओर से एक आधिकारिक बयान तैयार किया जा रहा है. इस बयान में रूस को युद्ध के लिए जिम्मेदार ठहराने का प्रस्ताव था, लेकिन अमेरिका ने इस पर आपत्ति जताई.

जी7 समूह के एक अधिकारी के अनुसार बयान का पहला ड्राफ्ट कनाडा द्वारा तैयार किया गया था, जिसमें 2022 में रूस के आक्रमण की कड़ी निंदा करते हुए यूक्रेन को समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी. लेकिन अमेरिका ने इसमें बदलाव की मांग की और उन सभी शब्दों को हटाने पर जोर दिया, जो रूस को स्पष्ट रूप से आक्रमणकारी या यूक्रेन को पीड़ित के रूप में दर्शाते थे.

अमेरिका के रुख का जी7 बयान पर असर

अमेरिका की आपत्तियों के बाद जी7 बयान को तटस्थ रूप में बदल दिया गया है. अब इसमें ‘रूसी आक्रमण’ जैसे शब्दों को हटा दिया गया है, जो पहले के जी7 बयानों में प्रमुख रूप से इस्तेमाल किए जाते थे. संशोधित बयान में केवल इतना कहा गया है कि “फरवरी 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच एक विनाशकारी युद्ध शुरू हुआ था.”

ट्रंप और जेलेंस्की के बीच बढ़ता तनाव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के रिश्ते भी तनावपूर्ण हो गए हैं. हाल ही में ज़ेलेंस्की ने ट्रंप की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ट्रंप झूठी बातों पर अधिक विश्वास करते हैं.” उन्होंने यह भी दावा किया कि वह अपने देश में बेहद लोकप्रिय हैं.

जी7 बैठक और अंतिम बयान पर फैसला बाकी

फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को जी7 की वर्चुअल बैठक में आमंत्रित किया जाएगा या नहीं. साथ ही, अंतिम बयान का मसौदा अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और इसमें अभी और बदलाव हो सकते हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार इस पर चर्चा सोमवार तक जारी रह सकती है.


इसे भी पढ़ें- “भारत में किसी और को जीतते देखना चाहता था…” Trump ने भारत में वोटिंग टर्नआउट के लिए अमेरिकी फंडिंग पर दिया बड़ा बयान


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read