Bharat Express DD Free Dish

एक रात, 73 मिसाइलें और 600 ड्रोन, यूक्रेन के शहरों पर रूसी कहर, मलबे में तब्दील हुई इमारतें

Russia Ukraine War: रूस ने मंगलवार को यूक्रेन के कई शहरों पर ताबड़तोड़ ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर दिया. इस हमले में 18 लोग मारे गए, वहीं 100 से अधिक लोग घायल हो गए. एक महीने से भी कम समय में कीव पर यह तीसरा सबसे बड़ा हमला था. रूस ने फिलहाल अपने पड़ोसी देश पर हमले और तेज कर दिये हैं.

Russia Ukraine War

Russia Ukraine War

Russia Ukraine War: रूस ने मंगलवार को यूक्रेन के कई शहरों पर ताबड़तोड़ ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर दिया. इस हमले में 18 लोग मारे गए, वहीं 100 से अधिक लोग घायल हो गए.

इससे पहले यूक्रेन ने रूसी नियंत्रित क्षेत्र लुहांस्क में एक छात्रावास पर ड्रोन से हमला किया था. जिसपर रूस ने गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी. जिसके बाद मंगलवार को कीव और निप्रो सहित शहरों पर रूस ने सैकड़ों ड्रोन्स और दर्जनों मिसाइलों से हमला कर दिया.

एक महीने से भी कम समय में कीव पर यह तीसरा सबसे बड़ा हमला था. रूस ने फिलहाल अपने पड़ोसी देश पर हमले और तेज कर दिये हैं.

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश ने रातभर में 73 मिसाइलें और 600 से अधिक ड्रोन उनके शहरों पर दागे. उन्होंने यूक्रेन के लिए अमेरिका से घटती आपूर्ति को फिर से बहाल करते हुए पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर भेजने की मांग की.

पिछले हफ्ते मॉस्को ने दी थी हमले की चेतावनी

दूसरी ओर, क्रेमलिन ने कहा कि युद्ध अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है. रूस का आरोप है कि यूक्रेनी सेना ने नागरिकों के खिलाफ अमानवीय आतंकवादी कृत्य किए हैं. पिछले सप्ताह मॉस्को ने यूक्रेन पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी.

जेलेंस्की ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अमेरिकी कांग्रेस को पत्र लिखकर अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की मांग की थी. हालांकि यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक अब तक इस संबंध में कोई जवाब नहीं मिला है.

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से रूस पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन को अधिक सैन्य सहायता देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि शांति प्रयास तभी सफल होंगे जब मॉस्को पर वास्तविक दबाव बनाया जाएगा.

कीव में मचा हड़कंप

रूस के हमले के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कीव के ऊपर बड़े-बड़े विस्फोट और धुएं के गुबार दिखाई दिए. राजधानी के मेयर के अनुसार हमलों में छह लोगों की मौत हुई, जबकि तीन बच्चों समेत 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

हमले के दौरान अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ मौजूद ओल्हा मुद्रा ने बताया कि उन्हें ऐसा लग रहा था मानो कोई प्रलय आ गया हो. उन्होंने कहा कि चारों ओर धूल, मलबा और धुआं फैला हुआ था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी शहर निप्रो में एक चार मंजिला अपार्टमेंट इमारत का हिस्सा ढह गया, जिसमें दो बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई.

कई इमारतें क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि हमलों का मुख्य निशाना कीव रहा. हमले में कम से कम नौ बहुमंजिला इमारतें, एक किंडरगार्टन, क्लिनिक, कार्यालय और प्रशासनिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए. बिजली कंपनी डीटीईके के अनुसार करीब 1.4 लाख लोगों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हुई.

लगातार हो रहे हमलों के बीच हजारों लोगों ने कीव मेट्रो स्टेशनों में शरण ली. कई लोग अपने पालतू जानवरों, जरूरी सामान और गद्दों के साथ भूमिगत स्टेशनों में रात बिताते नजर आए.

यूक्रेन का दावा- 602 ड्रोन और 40 मिसाइलें रोकीं

यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार रूस ने कुल 656 ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं. इनमें 33 बैलिस्टिक मिसाइलें और आठ ज़िरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलें शामिल थीं. यूक्रेन का दावा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने 602 ड्रोन और 40 मिसाइलों को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया.

रूस की ज़िरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलें ध्वनि की गति से नौ गुना तेज उड़ने में सक्षम हैं और उनकी मारक क्षमता लगभग 1,000 किलोमीटर बताई जाती है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने यूक्रेन के रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों पर उच्च सटीकता वाले लंबी दूरी के हथियारों से बड़े पैमाने पर हमला किया है.

रूस के भीतर भी ड्रोन हमले

इस बीच रूस के कुछ इलाकों में भी हमलों की खबरें सामने आई हैं. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार दक्षिणी क्रास्नोदार क्षेत्र स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई. यूक्रेनी सेना ने इस हमले की पुष्टि की है.

ये भी पढ़ें- सत्ता गई तो याद आई ईमानदारी! लोगों को पैसे क्यों दे रहे हैं TMC के नेता?

वहीं, बेलगोरोड क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन के हमले में 11 वर्षीय लड़का घायल हो गया. रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार रूस ने रातभर में 148 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए. नाटो सदस्य पोलैंड ने भी यूक्रेन पर हुए रूसी हमलों के बाद अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान तैनात किए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read