Bharat Express DD Free Dish

रूस के हमलों के बीच यूक्रेन ने खोया फ्रांस से मिला मिराज 2000 लड़ाकू विमान, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूं दी सफाई

रूस से जंग के दौरान यूक्रेन ने फ्रांस द्वारा सप्लाई किया गया मिराज 2000 लड़ाकू विमान खो दिया. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने घोषणा की कि वे यूक्रेन को ऐसे और विमान देंगे.

Volodymyr Zelensky

photo-IANS

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Mirage 2000 Fighter Jet: रूस-यूक्रेन को आपस की जंग में आए रोज नुकसान उठाना पड़ रहा है. दोनों देशों की ओर से एक-दूजे को करारा जवाब दिए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि, आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने माना है कि जंग में यूक्रेन को मिराज 2000 लड़ाकू विमान खोना पड़ा है.

जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन ने फ्रांस द्वारा आपूर्ति किया गया एक मिराज 2000 लड़ाकू विमान खो दिया. जेलेंस्की ने कहा, “दुर्भाग्य से, आज हमने अपना लड़ाकू विमान खो दिया, वो एक फ्रांसीसी विमान था, एक बेहद प्रभावी विमान- मिराज 2000 जेट.”

पायलट सुरक्षित, ये रूस ने नहीं गिराया: जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा कि हमारा पायलट सफलतापूर्वक विमान से बाहर निकल गया और उन्होंने यह भी दावा किया कि दुर्घटना रूसी हमले के कारण नहीं हुई थी. वहीं, यूक्रेनी वायु सेना ने अपने बयान में कहा कि विमान एक उड़ान मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, हालांकि, जमीन पर कोई हताहत नहीं हुआ था.

फ्रांस से हुई थी मिराज 2000 विमानों की आपूर्ति

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यूक्रेन को फ्रांस से मिराज 2000 लड़ाकू विमानों का पहला जत्था फरवरी में मिला था. यह पहली बार था जब यूक्रेन में फ्रांस से मिले मिराज विमान से जुड़ा कोई हादसा हुआ है.

फ्रांस यूक्रेन को देगा और मिराज विमान: मैक्रों

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 6 जून, 2024 को घोषणा की कि फ्रांस यूक्रेन को मिराज 2000-5 लड़ाकू विमान प्रदान करेगा. फ्रांसीसी नेता ने यह भी कहा कि फ्रांस 4,500 सैनिकों की एक पूरी यूक्रेनी बटालियन को प्रशिक्षित करेगा, जिसे युद्ध के मैदान में तैनात किया जाएगा. मैक्रों ने कहा कि फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों की आपूर्ति “तनाव बढ़ाने वाला कारक नहीं है” और वादा किया कि “इन हथियारों का इस्तेमाल नागरिकों पर बमबारी करने के लिए नहीं किया जाएगा.”

Mirage 2000 ukraine France will provide Mirage fighter jets to Ukraine air force

मिराज 2000 लड़ाकू विमान की विशेषताएं

मिराज 2000 एक फ्रांसीसी लड़ाकू विमान है. इसमें सिंगल-इंजन है और यह चौथी पीढ़ी का जेट है, जिसका निर्माण डसॉल्ट एविएशन द्वारा किया गया है. रूस के हमलों के कारण फ्रांस ने इस विमान को यूक्रेन भेजा. हालांकि, कीव ने यह नहीं बताया है कि फ्रांस ने कितने विमान दिए हैं या अभी कुल और कितने विमान देने की योजना है.

Follow Bharat Express on X

यह भी पढ़िए: फिलिस्तीन को क्यों मान्यता देना चाहता है फ्रांस, मिडिल ईस्ट पर क्या होगा असर?



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read