US Israel Iran conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर युद्ध का रूप ले चुका है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान पर लगातार हमले शुरू कर दिए हैं. एक हफ्ते में यह तीसरी बार है जब ईरान को निशाना बनाया गया. तय डेडलाइन खत्म होते ही अमेरिका ने ईरान के 12 शहरों में 140 से ज्यादा ठिकानों पर बम बरसाए. ट्रंप का इरादा इस बार अपने “मिशन ईरान” को पूरा करने का है.
ईरान का पलटवार
ईरानी सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने भी अमेरिकी बेस पर हमले शुरू कर दिए हैं. खाड़ी के छह देशों पर ईरान ने हमला किया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया. होर्मुज स्ट्रेट को ईरान ने पूरी तरह बंद कर दिया है. अब किसी भी देश के जहाज को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं है. तेल सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी हो गई हैं.
ईरान का बयान
ईरान का कहना है कि बढ़ती सैन्य गतिविधियों और समुद्री सुरक्षा से जुड़े विवादों के कारण उसने होर्मुज को बंद किया. अधिकारियों का दावा है कि कुछ जहाज तय मार्गों का पालन नहीं कर रहे थे और नियम तोड़ रहे थे. इसी वजह से हालात और बिगड़ गए.
सुरक्षा का भरोसा मिलने तक बंद रहेगा होर्मुज
ईरान ने साफ कहा है कि जब तक उसे सुरक्षा का भरोसा नहीं मिलता और बाहरी दबाव कम नहीं होता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को खोलना संभव नहीं है. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर कोई जहाज यहां घुसने की कोशिश करेगा तो उसे जवाबी कार्रवाई झेलनी पड़ेगी.
खाड़ी देशों में अलर्ट
यूएई ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए कार्रवाई की. बहरीन में सायरन बजाए गए और कतर ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की. ओमान के डुक्म बंदरगाह से भी हमले की खबरें आईं. अमेरिकी सेना का दावा है कि उनके एयरबेस सुरक्षित हैं और ईरान के हमलों को डिफेंस सिस्टम से रोका जा रहा है.
ईरानी दावे और अमेरिकी जवाब
ईरान की IRGC ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और कमांड सेंटर व ड्रोन हैंगर को निशाना बनाया. हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी. ईरान ने कुवैत और बहरीन में भी अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा किया है.
ये भी पढ़ें-ईरान में दो सुर, होर्मुज बंद पर IRGC और सरकार आमने-सामने
अमेरिका का दावा
अमेरिका का कहना है कि उसने तीन दिनों में ईरान के 300 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरानी मीडिया के मुताबिक, होर्मोजगन और बुशहर प्रांतों में लगातार धमाके हुए हैं. हालांकि बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



