Venezuela US Attack: वेनेजुएला पर अमेरिकी फोर्स ने घातक हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया. शनिवार सुबह हुए इस ऑपरेशन में अमेरिकी डेल्टा फोर्स ने वेनेजुएला के एक आर्मी बेस पर धावा बोला और मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ पकड़ लिया. दोनों को वॉर शिप के जरिए न्यूयॉर्क लाया गया, जहां फेडरल कोर्ट में उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं.
कमला हैरिस का कड़ा बयान
इस कार्रवाई को लेकर अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर आलोचना की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह कदम गैरकानूनी, खतरनाक और राष्ट्रीय हित के बजाय राजनीतिक महत्वाकांक्षा से प्रेरित है. हैरिस ने चेतावनी दी कि इस ऑपरेशन से इलाके में अस्थिरता बढ़ सकती है और अमेरिकी लोगों की जान व संसाधन खतरे में पड़ सकते हैं.
क्या है आरोप?
हैरिस ने कहा कि ट्रंप की कार्रवाई से अमेरिका न तो सुरक्षित होगा, न मजबूत और न ही सस्ता. उन्होंने लिखा कि भले ही मादुरो तानाशाह है, लेकिन यह कदम बेवकूफी भरा और गैरकानूनी है. उन्होंने याद दिलाया कि सत्ता बदलने या तेल के लिए की गई लड़ाइयां अक्सर ताकत से शुरू होती हैं लेकिन बाद में अराजकता में बदल जाती हैं और अमेरिकी परिवार इसकी कीमत चुकाते हैं.
तेल और दबंगई का खेल
पूर्व उपराष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि यह ऑपरेशन ड्रग्स या लोकतंत्र के लिए नहीं बल्कि तेल और ट्रंप की दबंगई से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि अगर ट्रंप को सच में परवाह होती तो वे दोषी ड्रग तस्करों को माफ नहीं करते और मादुरो के साथियों से डील करते हुए वेनेजुएला के विपक्ष को नजरअंदाज नहीं करते.
हैरिस ने दी चेतावनी
हैरिस ने चेतावनी दी कि राष्ट्रपति सैनिकों को खतरे में डाल रहे हैं, अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं और एक पूरे इलाके को अस्थिर कर रहे हैं, जिससे अमेरिका को कोई फायदा नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो परिवारों के खर्च कम करे, कानून का राज लागू करे, गठबंधनों को मजबूत बनाए और सबसे पहले अमेरिकी लोगों को प्राथमिकता दे.
ये भी पढ़ें-बाहर-भीतर ट्रंप की किरकिरी: जोहरान ममदानी हुए बागी, वेनेजुएला से आखिरी ऐलान; रूस-चीन का अल्टीमेट
नार्को-टेररिज्म के आरोप
वकीलों का आरोप है कि मादुरो ने दो दशक से ज्यादा समय तक सरकारी ताकत का इस्तेमाल कर अमेरिका में भारी मात्रा में कोकीन भेजी. उन पर नार्को-टेररिज्म, कोकीन इम्पोर्ट करने की साजिश और हथियारों से जुड़े अपराधों के आरोप लगाए गए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

