Bharat Express DD Free Dish

हमारे पास समुद्र में अमेरिका से ज्यादा परमाणु पनडुब्बियां, रूसी सांसद का ट्रंप पर पलटवार

राज्य ड्यूमा की सीआईएस मामलों, यूरेशियन एकीकरण और प्रवासी संबंध समिति के पहले उपाध्यक्ष विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा कि ट्रंप ने जिन जहाजों को ‘उपयुक्त क्षेत्रों’ में भेजने का आदेश दिया, वे पहले से ही नियंत्रण में हैं.

रूसी सांसद विक्टर वोडोलात्स्की ने दावा किया है कि रूस के पास वर्तमान में दुनिया के महासागरों में अमेरिका से ज्यादा परमाणु पनडुब्बियां तैनात हैं. यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने दो परमाणु पनडुब्बियों (USA Nuclear Submarines) को ‘उपयुक्त क्षेत्रों’ में भेजने की बात कही थी.

ट्रंप का यह बयान पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव की हालिया टिप्पणी के बाद सामने आया था. मेदवेदेव के ‘बेहद भड़काऊ बयानों’ के जवाब में ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस कदम का ऐलान किया.

राज्य ड्यूमा की सीआईएस मामलों, यूरेशियन एकीकरण और प्रवासी संबंध समिति के पहले उपाध्यक्ष विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा कि ट्रंप ने जिन जहाजों को ‘उपयुक्त क्षेत्रों’ में भेजने का आदेश दिया, वे पहले से ही नियंत्रण में हैं. मॉस्को को अमेरिकी राष्ट्रपति की बातों पर प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है.

ट्रंप हर 24 घंटे में अपना मन बदलते रहते हैं

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने वोडोलात्स्की के हवाले से कहा, “दुनिया के महासागरों में हमारी (न्यूक्लियर) पनडुब्बियां काफी ज्यादा हैं, (और उनके पास) सबसे मजबूत, सबसे शक्तिशाली हथियार हैं. इसलिए (ट्रंप की) दो नावें अगर घूम भी रही हैं, तो वह लंबे समय से हमारी निगरानी में हैं. हमारी ओर से कोई जवाब नहीं हो सकता, क्योंकि हम अच्छी तरह समझते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप कौन हैं. बीते कुछ महीनों में यह स्पष्ट हो गया है कि वह हर 24 घंटे में अपना मन बदलते रहते हैं.”

दो परमाणु पनडुब्बियों की तैनाती का आदेश

पूर्व रूसी राष्ट्रपति और वर्तमान में रूसी संघ की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव के बयान के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर लिखा, “रूसी पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के अत्यधिक भड़काऊ बयानों को मद्देनजर रखते हुए, मैंने दो परमाणु पनडुब्बियों को ‘उपयुक्त क्षेत्रों’ में तैनात करने का आदेश दिया है. एहतियात के तौर पर, इस स्थिति में कि यह मूर्खतापूर्ण और भड़काऊ बयान सिर्फ शब्द न होकर कुछ और साबित हों. शब्द बहुत अहम होते हैं. यह कई बार अनचाहे परिणामों की ओर ले जा सकते हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि यह ऐसा कोई मामला नहीं बनेगा. इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.”

हालांकि, ट्रंप (Donald Trump) ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कौन-सी पनडुब्बियां भेजी गई हैं, या उन्हें कहां तैनात किया गया है.


ये भी पढ़ें: India-Russia Oil Trade: ट्रंप का दावा झूठा, भारतीय तेल कंपनियां अब भी रूस से खरीद रही है तेल: सूत्र


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read