Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

क्या कनाडा को मिलेगा नया नेतृत्व? भारतीय मूल के कनाडाई सांसद ने प्रधानमंत्री पद के लिए पेश किया दावा

भारतीय मूल के कनाडाई सांसद चंद्र आर्य ने कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनने के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की है. यह ऐलान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के कुछ दिनों बाद किया.

Indian-origin Canadian MP Chandra Arya

भारतीय मूल के कनाडाई सांसद चंद्र आर्य ने कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनने के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की है. यह ऐलान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के कुछ दिनों बाद किया. चंद्र आर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह देश के पुनर्निर्माण और समृद्धि की दिशा में काम करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.

उन्होंने कहा, “मैं कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनने के लिए चुनाव लड़ रहा हूं ताकि देश को एक नई दिशा दे सकूं और आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्धि सुनिश्चित कर सकूं.” आर्य ने यह भी जोड़ा कि कनाडा को आज ऐसे साहसिक नेतृत्व की जरूरत है जो कठिन फैसलों से पीछे न हटे.

कर्नाटक से कनाडा तक का सफर

चंद्र आर्य का जन्म कर्नाटक के तुमकुर जिले के द्वारलू गांव में हुआ. उन्होंने धारवाड़ स्थित कर्नाटक विश्वविद्यालय से एमबीए किया और 2006 में कनाडा चले गए. वहां उन्होंने इंडो-कनाडा ओटावा बिजनेस चैंबर के अध्यक्ष के रूप में काम किया. राजनीति में उनका सफर 2015 में शुरू हुआ जब वह नेपियन राइडिंग से सांसद चुने गए. इसके बाद 2019 और 2021 के चुनावों में भी उन्होंने जीत हासिल की.

चंद्र आर्य कनाडाई राजनीति में भारतीय समुदाय और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुखर रहे हैं. 2022 में, उन्होंने संसद में अपनी मातृभाषा कन्नड़ में भाषण देकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया. इसके अलावा, उन्होंने टोरंटो में हिंदू मंदिरों पर हुए हमलों के खिलाफ आवाज बुलंद की और इसके लिए खालिस्तानी चरमपंथियों को जिम्मेदार ठहराया.

प्रधानमंत्री बनने के इरादे के बारे में आर्य ने कहा कि कनाडा को आर्थिक पुनर्निर्माण, समृद्धि की बहाली, और समान अवसरों की दिशा में बड़े कदम उठाने की जरूरत है. उन्होंने कहा, “साहसिक फैसले अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता हैं.”

आर्य ने कनाडा को एक संप्रभु गणराज्य बनाने और अगले 25 वर्षों में देश के सकल घरेलू उत्पाद को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने सेवानिवृत्ति की आयु में दो साल की वृद्धि और वैज्ञानिकों व पेशेवरों को जलवायु परिवर्तन और आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका देने की योजना की भी बात की.

लिबरल पार्टी में नेतृत्व की लड़ाई

चंद्र आर्य लिबरल पार्टी के पहले सदस्य हैं जिन्होंने पार्टी नेतृत्व के लिए अपनी दावेदारी पेश की है. उनके अलावा फ्रैंक बेलिस, स्टीव मैककिनन, मेलानी जोली और जोनाथन विल्किंसन जैसे अन्य नेता भी अपनी उम्मीदवारी पर विचार कर रहे हैं.

पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि नए नेता के चयन के बाद वह पद छोड़ देंगे. हालांकि, पार्टी ने अभी तक नेतृत्व चुनाव के नियमों की घोषणा नहीं की है.

(न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital