Bharat Express DD Free Dish

UP News: “पुरानी सरकारों में क्या ये सम्भव हो पाता…?’ कतर की जेल में बंद पूर्व भारतीय नौसैनिकों के भारत लौटने पर बोले राजा भैया

Kunda: राजा भैया ने कहा कि, क़तर में मृत्युदंड पाने वाले आठ भारतीयों की रिहाई और सुरक्षित घर वापसी भारत की बड़ी सामरिक और कूटनीतिक जीत है.

कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया (फोटो सोशल मीडिया)

Rohit Rai Edited by Rohit Rai

UP News: कतर की एक जेल में बंद आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों को रिहा होने और इनमें से सात के भारत लौटने के बाद से उनके परिवारों में खुशी की लहर है. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भारत इस फैसले का स्वागत करता है. तो दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में इस मामले को लेकर कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्ट एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मोदी सरकार की तारीफ की है तो वहीं पहले की कांग्रेस सरकार पर निशाना भी साधा है और सवाल भी खड़ा किया है.

एक्स पर राजा भैया ने लिखा है, ‘क़तर में मृत्युदंड पाने वाले आठ भारतीयों की रिहाई और सुरक्षित घर वापसी भारत की बड़ी सामरिक और कूटनीतिक जीत है. बदले सशक्त भारत की बुलन्द तस्वीर. पुरानी सरकारों में क्या ये सम्भव हो पाता?’ तो वहीं दूसरी ओर कतर से लौटे पूर्व भारतीय नौसेना कर्मियों में से एक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “प्रधानमंत्री मोदी के हस्तक्षेप के बिना हमारे लिए यहां खड़ा रहना संभव नहीं था, यह भारत सरकार के निरंतर प्रयासों के कारण हुआ.” तो वहीं आगे वह बोले कि, “हमने भारत वापस आने के लिए लगभग 18 महीने तक इंतजार किया. हम प्रधानमंत्री के बेहद आभारी हैं. यह उनके व्यक्तिगत हस्तक्षेप के बिना संभव नहीं होता.” इसी के साथ ही कतर से लौटे सभी भारतीय नौसेना के कर्मियों ने कहा कि, “हम भारत सरकार द्वारा किए गए हर प्रयास के लिए तहे दिल से आभारी हैं, उन प्रयासों के बिना यह दिन संभव नहीं होता.”

ये भी पढ़ें-इतनी आसान नहीं थी पूर्व सैनिकों की रिहाई, पीएम मोदी के अलावा अजीत डोभाल ने निभाई अहम भूमिका

मौत की सजा को बदल दिया गया था कारावास में

बता दें कि कतर से लौटे भारतीय नौसेना कर्मियों को मौत की सजा सुनाई गई थी. इससे पहले कतर और भारत के बीच राजनयिक वार्ता के बाद जेल में बंद भारतीय नौसेना के कर्मियों की मौत की सजा को कारावास में बदल दिया गया था. इस सम्बंध में विदेश मंत्रालय की ओर से बयान सामने आया है जिसमें कहा गया है कि, कतर में कैद आठ पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारियों में से सात भारत लौट आए हैं. अंतिम रिहा किए गए कर्मी को घर लाने की व्यवस्था की जा रही है.

भारत ने की सराहना

वहीं भारतीय नौसेना कर्मियों के कतर से लौटने पर विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत सरकार कतर में हिरासत में लिए गए दहरा ग्लोबल कंपनी के लिए काम करने वाले आठ भारतीय नागरिकों की रिहाई का स्वागत करती है.’’ मंत्रालय ने अपने बयान में आगे कहा है कि, ‘‘रिहा किए गए आठ भारतीयों में से सात भारत लौट आए हैं. हम इन नागरिकों की रिहाई और घर वापसी के लिए कतर के अमीर के फैसले की सराहना करते हैं.’’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read