Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

‘मिल गया मनी ट्रेल…जेपी नड्डा को करें गिरफ्तार…’ मंत्री आतिशी बोलीं- सरकारी गवाह की कंपनी ने भाजपा को दिया 59 करोड़ का चंदा

Aatishi Marlena Press Conference: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद बौखलाई आम आदमी पार्टी अब केंद्र और भाजपा पर हमलावर हो गई है. दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मर्लेना ने कहा कि जेपी नड्डा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.

Aatishi Marlena Press Conference

प्रेस वार्ता को संबोधित करती मंत्री आतिशी मर्लेना.

Aatishi Marlena Press Conference: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र और भाजपा पर हमलावर है. दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली शराब नीति मामले में एक सवाल चारों ओर उठ रहा है कि पैसा कहां है? शराब कारोबारी ने किसे भुगतान किया? उन्होंने कहा कि ईडी ने बिना किसी सबूत के सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया है. उन्होंने कहा कि सीएम की गिरफ्तारी शराब कारोबारी के बयान पर आधारित है. बता दें कि शराब घोटाला मामले में अरबिंदो फार्मा के एमडी शरथ रेड्डी सरकारी गवाह हैं.

प्रेस वार्ता के दौरान आतिशी ने चुनावी चंदे का दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि रेड्डी की कंपनियों ने भाजपा को इलेक्टोरल बाॅन्ड के जरिए 59 करोड़ रुपए का चंदा दिया. आतिशी ने कहा कि मामले में भाजपा को आरेापी बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली आबकारी मामले में ईडी ने अब तक एक भी सबूत पेश नहीं किया. आतिशी ने कहा कि जिस शरद के बयान पर सीएम केजरीवाल को ईडी ने पकड़ा उसने भाजपा को चंदा दिया. सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आतिशी ने दावा किया कि केवल एक व्यक्ति के कहने पर ही दिल्ली के सीएम को गिरफ्तार किया गया है.

दिल्ली के तथाकथित एक्साइज पॉलिसी घोटाले में पिछले दो साल से सीबीआई और ईडी की जांच चल रही है. इन दो सालों में एक सवाल बार-बार सामने आया है- मनी ट्रेल कहां है? पैसा कहां गया?…आप के किसी भी नेता, मंत्री या कार्यकर्ता के पास से अपराध की कोई रकम बरामद नहीं हुई. सिर्फ एक व्यक्ति के बयान के आधार पर दो दिन पहले इसी मामले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था. शरत चंद्रा रेड्डी. वह अरबिंदो फार्मा के मालिक हैं. उन्हें 9 नवंबर 2022 को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. उन्होंने साफ कहा कि उनकी अरविंद केजरीवाल से कभी मुलाकात या बात नहीं हुई और उनका आप से कोई लेना-देना नहीं है. इतना कहते ही उन्हें अगले ही दिन ईडी ने गिरफ्तार कर लिया. कई महीनों तक जेल में रहने के बाद उन्होंने अपना बयान बदल दिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और उनसे उत्पाद नीति मामले पर बात की. इतना कहते ही उन्हें जमानत दे दी गई. लेकिन पैसा कहां है? पैसे का रास्ता कहां है?

आतिशी ने कहा कि दिल्ली में कथित शराब घोटाला मामले का आधिकारिक मनी ट्रेल मिल गया है. सारा पैसा भाजपा के खाते में है. ऐसे में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने कहा कि ईडी भाजपा का दाहिना हाथ है.

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दुनिया भर के लोग यह जान चुके हैं कि भाजपा की सरकार समूचे विपक्ष के नेताओं को निपटाने और जेल में पहुंचाने में लगी है. भारत रूस का रास्ता अपना रहा है. रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने जिस तरह पूरी विपक्ष को खत्म कर के एकछत्र राज बनाया वही चीज बांग्लादेश, पाकिस्तान, नॉर्थ कोरिया के बाद भारत में देखने को मिल रही है. हमारे चार शीर्ष नेता जेल में फर्जी मामलों के तहत बंद हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital