Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

सीमा हैदर की बढ़ीं मुश्किलें, पाकिस्तानी पति ने पकड़ ली एक बड़ी गलती और कोर्ट में उठा दिया मामला, वकील एपी सिंह ने किया ये दावा

सीमा हैदर जुलाई 2023 में तब सुर्खियों में आई थीं, जब भारतीय अधिकारियों ने उन्हें उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा इलाके में भारतीय नागरिक (अब उनके पति) सचिन मीणा के साथ रहते हुए पाया था.

Seema Haider

सीमा हैदर पति सचिन के साथ

Seema Haider News: अपने प्यार को पाने के लिए गलत ढंग से पाकिस्तान की सरहद पार कर भारत आईं सीमा हैदर के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. सीमा ने दावा किया था कि उनके पहले पति गुलाम हैदर ने उनको छोड़ दिया था और तलाक दे दिया था व बाहर चले गए थे. कई सालों तक वह अकेली रहीं और इसी दौरान पबजी खेलते हुए उनको भारत के नोएडा में रहने वाले सचिन से प्यार हो गया और वह अपने चार बच्चों के साथ भारत आ गईं और यहां पर हिंदू रीति-रिवाज से सचिन से शादी कर ली. फिलहाल सीमा के इस दावे के बाद वह तेजी से भारत में फेमस हुईं और अब वह भारत में पूरी तरह से रच-बस गई हैं लेकिन उनके पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर ने अपने बच्चों की मांग के लिए एक अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट का रुख किया है. तो वहीं सीमा हैदर पहले ही कह चुकी हैं कि वह अपने बच्चों को नहीं देंगी.

इस मामले में ताजा अपडेट सामने आ रहा है, जिसमें गौतमबुद्ध नगर की एक कोर्ट में गुलाम हैदर के वकील ने सीमा हैदर के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत कोर्ट में आवेदन किया. इसके तहत मजिस्ट्रेट को जांच करने का आदेश देने की शक्ति प्रदान है. इसी के साथ ही वकील ने सीमा हैदर पर फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. इस पूरे मामले को लेकर मोमिन ने मीडिया को जानकारी दी है कि अदालत ने पुलिस को 18 अप्रैल तक इस मामले में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है.

ये भी पढ़ें-दुनिया के इस गांव को मिला अजीब अभिशाप…उम्र बढ़ने के साथ ही लड़का बन जाती हैं लड़कियां, वैज्ञानिक भी हैरान

गुलाम हैदर के वकील ने अर्जी में दी है ये दलील

गुलाम हैदल के वकील मोमिन ने अर्जी में दलील देते हुए सीमा हैदर के दावों और सचिन के साथ उसकी शादी को लेकर दो बड़े सवाल खड़े किए हैं. गुरुवार को मोमिन ने एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रताप कुशवाहा की कोर्ट में पहले कहा कि सीमा ने गुलाम हैदर यानी अपने पहले पति से अभी तक तलाक नहीं लिया है और इस वजह से सचिन के साथ उसकी शादी वैध नहीं है.

इसके बाद दूसरा सवाल खड़ा करते हुए मोमिन ने कहा कि भारत में गिरफ्तारी के बाद जब सीमा को जमानत याचिका दायर की थी तो उसमें उसने अपने पहले पति यानी गुलाम हैदर के नाम का ही जिक्र किया है, जबकि सीमा का कहना है कि उसने सचिन के साथ भारत आने से पहले ही नेपाल में शादी कर ली थी.

मोमिन ने सवाल किया है कि अगर सीमा के दावे को देखा जाए तो उसने 13 मार्च 2023 को ही सचिन मीणा से शादी कर ली थी तो फिर जुलाई में जमानत याचिका दाखिल करने के दौरान खुद को गुलाम हैदर की पत्नी क्यों बताया था? इसी के साथ ही मोमिन ने ये भी आरोप लगाते हुए कहा है क सीमा हैदर ने जमानत की शर्तों को मानते हुए कहा था कि वह किसी भी अपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होगी, बावजूद इसके सीमा हैदल लगातार दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाले विवादित बयान दे रही हैं.

3 जुलाई को गिरफ्तार हुए थे सचिन और सीमा

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जकोबाबाद की रहने वाली सीमा हैदर पिछले साल मई में अपने 4 बच्चों को लेकर नेपाल के रास्ते भारत की यात्रा के लिए कराची स्थित अपने घर से निकल गई थीं. वह जुलाई 2023 में तब सुर्खियों में आईं, जब भारतीय अधिकारियों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा में भारतीय नागरिक (अब उनके पति) सचिन मीणा के साथ रहते हुए पाया था.

बता दें कि सीमा और सचिन को पिछले साल 3 जुलाई को नोएडा पुलिस ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया था. इस मामले में सचिन के पिता को भी गिरफ्तार किया गया था. 7 जुलाई को उनको जमानत मिल गई थी.

पब्लिसिटी स्टंट है

गुलाम हैदर द्वारा कोर्ट में याचिका दाखिल करने को लेकर सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने दावा किया है कि ये सब उन्होंने पब्लिसिटी स्टंट के लिए किया है. इसी के साथ कहा है कि सीआरपीसी एक पाकिस्तानी नागरिक को भारत में केस दर्ज कराने की इजाजत नहीं देता है. एपी सिंह ने ये भी कहा कि सीमा हैदर सचिन से शादी कर चुकी हैं और हिंदु हो चुकी हैं. इसी के साथ उन्होंने जमानत अर्जी में पति का नाम गुलाम हैदर लिखने के मामले में कहा कि पेपर वर्क सीमा ने नहीं किया. उनकी ओर से जिसने ये काम किया है उससे गलती हुई है. एपी सिंह ने ये भी कहा कि पाकिस्तान में मौखिक तलाक का चलन है और गुलाम सीमा को तीन तलाक मौखिक रूप से कर चुका था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital