Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Election 2024: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया बड़ा दावा, कहा- मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो भविष्य में नहीं होंगे चुनाव

पूर्वी उत्तर प्रदेश के महराजगंज में विपक्ष के इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र चौधरी के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर वादों से मुकरने का आरोप लगाया.

Mallikarjun Kharge

मल्लिकार्जुन खड़गे (फोटो- एक्स)

Maharajganj: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और उन्हें झूठों का सरदार करार देते हुए दावा किया कि अगर मोदी फिर से प्रधानमंत्री बने तो भविष्य में चुनाव नहीं होंगे.

पूर्वी उत्तर प्रदेश के महराजगंज में विपक्ष के इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र चौधरी के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर वादों से मुकरने का आरोप लगाया.

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर बोला हमला

मंच पर समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव शिवपाल सिंह यादव समेत गठबंधन के कई नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं. मोदी झूठे हैं और मैं बार-बार कहता हूं कि मोदी झूठों के सरदार हैं.’

खड़गे ने दावा किया, ‘यह व्यक्ति (मोदी) फिर से आया (प्रधानमंत्री बने) तो आगे चुनाव नहीं होंगे. दलितों, आदिवासी, पिछड़े, महिला के कोई उम्मीदवार नहीं होंगे.’ खड़गे ने सभा में जाति आधारित जनगणना की चर्चा करते हुए शिवपाल सिंह यादव और समाजवादी नेता दिवंगत राम मनोहर लोहिया की सराहना की.

खड़गे ने पीएम मोदी पर लगाया बड़ा आरोप

खड़गे ने सभा में भगवान बुद्ध से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों के साथ महराजगंज के पूर्व सांसद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिब्बन लाल सक्सेना को याद किया. उन्होंने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह को भी श्रद्धांजलि दी और उन्‍हें पूर्वांचल के विकास का श्रेय दिया.

कांग्रेस नेता ने महराजगंज से भाजपा सांसद और केंद्रीय वित्त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि आपने जिसे सांसद चुना, उन्होंने आपके लिए कोई काम नहीं किया. खड़गे ने कहा कि यहां का जिला मुख्यालय रेल लाइन से नहीं जुड़ा है. क्षेत्र के पिछड़ेपन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मोदी जी के जमाने में बहुत सी चीनी मिलें गायब हो गई, लेकिन यहां के मुख्यमंत्री और मंत्री क्यों चुप बैठे हैं?

कांग्रेस के काम का श्रेय

खड़गे ने इस महासंग्राम को विचारधारा की लड़ाई करार देते हुए कहा, ‘हम किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं लड़ रहे, चाहे वह मोदी हों या योगी हों, हम व्‍यक्तिगत नहीं लड़ रहे.’ कांग्रेस को देश के विकास का श्रेय देते हुए खड़गे ने कहा, ‘(मोदी) कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, मोदी जी, हम कुछ नहीं करते तो आज लोकतंत्र में आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते थे. आप जो प्रधानमंत्री बने, हमारी (कांग्रेस) वजह से क्योंकि हमने संविधान बनाया.’

कांग्रेस नेता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘उसी लोकतंत्र और संविधान को आप तोड़ना चाहते हो, खत्म करना चाहते हो. यह कभी नहीं होगा, इस देश के दलित, आदिवासी, पिछड़े लोग और किसान तथा समझदार लोग कभी आपको लोकतंत्र तोड़ने नहीं देंगे, आप टूट जाएंगे लेकिन संविधान कभी टूटेगा नहीं.’

कांग्रेस सरकार के कार्यों का श्रेय लेने का मोदी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के काम का भी ये श्रेय लेना चाहते हैं. इनकी पार्टी ऐसी है, आरएसएस वाले तो ऐसे ही हैं, उनको आप ने अगर उंगली थमाई तो पूरा आदमी को ही निगल जाते हैं.’

महराजगंज में सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा, जहां कांग्रेस के विधायक वीरेंद्र चौधरी और भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के बीच मुकाबला है. चौधरी यहां के माजूदा सांसद हैं.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने दाखिल किया नामांकन, सीएम योगी समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital