Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Heat Wave: लू और प्रचंड गर्मी से उत्तर भारत में मचा कोहराम, बुंदेलखंड में 12 की मौत, इन शहरों में पारा 50 के पार, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

मंगलवार को चूरू देश में सबसे गर्म रहा. राजस्थान में इस शहर में अधिकतम 50.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में 49.9 डिग्री और नजफगढ़ में 49.8 डिग्री तापमान रहा.

मुंबई में चिलचिलाती धूप से खुद को बचाने के लिए गमछा लगाए लोग. (फाइल फोटो: IANS)

Heatwave: भीषण गर्मी और लू से पूरे उत्तर भारत में कोहराम मचा हुआ है. एसी-कूलर ने काम करना बंद कर दिया है. यूपी के झांसी में दिन का पारा 49 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं आगरा में तापमान 48.6 और वाराणसी में 47.6 डिग्री रहा.

राजस्थान के चूरू में पारा 50 को पार कर गया. मौसम विभाग (IMD) ने कई शहरों में तापमान 48-49 डिग्री के आसपास दर्ज किया है. दिल्ली का भी हाल बुरा है. यहां पर भी पारा 50 की सीमा तक पहुंचने जा रहा है. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मई महीने में यूपी में इतनी तपिश कभी नहीं रही.

इस बीच भीषण गर्मी और लू से बुंदेलखंड में बुखार से पीड़ित 12 लोगों की मौत की सूचना है. इसमें सबसे अधिक छह लोगों की मौत महोबा, हमीरपुर में 3 और 2 की बांदा में हुई है. चित्रकूट में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है. तो वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में भी अधिक गर्मी से दो की मौत की खबर सामने आ रही है. यहां पर IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है.

ये भी पढ़ें-Mizoram: आइजोल में भारी बारिश से मचा कोहराम, खदान ढहने पर 21 की मौत; सीएम ने बुलाई बैठक, सभी स्कूल बंद

यूपी में टूटा रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश में लगातार गर्मी चरम पर होने के साथ ही अपने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करती जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, झांसी में पारा 49 डिग्री पहुंच गया, जो कि 132 वर्षों में सबसे अधिक रहा तो वहीं कानपुर व वाराणसी में 47.6,आगरा, हमीरपुर व प्रयागराज में पारा 48.2 और फतेहपुर में 47.2 डिग्री रहा, जो मई महीने का अब तक का रिकॉर्ड है.

इन शहरों में बढ़ा तापमान

राजस्थान में चुरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मंगलवार को चूरू देश में सबसे गर्म रहा. दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में 49.9 डिग्री और नजफगढ़ में 49.8 डिग्री, तो वहीं हरियाणा में सिरसा में 50.3 डिग्री, राजस्थान के गंगानगर मे 49.4 डिग्री, पिलानी और फलोदी में 49 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. यही नहीं गर्मी का कहर पहाड़ी राज्यों में भी जारी है. जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है. तो वहीं हिमाचल के ऊना में पारा 44 डिग्री को पार कर चुका है.

फिलहाल नहीं मिलेगी लू से राहत

मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल लू से अभी राहत नहीं मिलेगी. दिल्ली में भी लोग झुलस रहे हैं. दिल्ली के मानक केंद्र सफदरजंग में तापमान पांच डिग्री अधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 57 साल के इतिहास में पहली बार मंगलवार को आयानगर और 51 साल में रिज में तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया. फिलहाल मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनने के आसार जताए हैं और सप्ताह के अंत में बारिश होने की संभावना जताई है. इससे तापमान में गिरावट आएगी.

दिल्ली में ये रहा मौसम का हाल

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में सफदरजंग मानक केंद्र है. मंगलवार को यहां तापमान 45.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान बीते चार साल में दूसरी बार सबसे अधिक रहा है.

पिछले आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 27 मई 2020 को सफदरजंग में तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं ऑल टाइम रिकॉर्ड की बात करें तो 1931 से 2023 तक सफदरजंग में 29 मई, 1944 को तापमान 47.2 और 17 जून 1945 को तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया था.

जानवरों के लिए किया गया ये बंदोबस्त

वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में गर्मी से बचाने के लिए जंगल सफारी और जू के वन्य जीवों के लिए विशेष बंदोबस्त किया गया है. जंगल सफारी डायरेक्टर गणवीर धम्मशील ने बताया, ‘जंगल सफारी और जू में गर्मियों के मद्देनजर वन्य प्राणियों की देखभाल के लिए हमने समुचित व्यवस्था की है, जिसके अंतर्गत हमने ग्रीन नेट लगाया है, कूलिंग सिस्टम को बेहतर किया है और उन्हें हर जगह पानी उपलब्ध कराने के साथ ही उनके डाइट में भी बदलाव किया गया है. गर्मी को देखते हुए हमने खास प्लान बनाया और उसी हिसाब से सतत निगरानी भी की जा रही है.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital