Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार जीत के बाद अब भारत की नजर वनडे सीरीज पर

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. इस मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला और इसी के साथ भारतीय टीम ने ये सीरीज 3-0 से जीती.

भारतीय क्रिकेट टीम

टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. इस मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला और इसी के साथ भारतीय टीम ने ये सीरीज 3-0 से जीती. यह गौतम गंभीर के कार्यकाल की पहली सीरीज थी. अब 2 अगस्त से वनडे सीरीज खेली जाएगी. जहां अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और वनडे कप्तान रोहित शर्मा भी टीम में वापसी करेंगे.

गंभीर के कार्यकाल की जीत के साथ शुरुआत

पल्लेकेले में श्रीलंकाई टीम ने सुपर ओवर में महज 3 रन का लक्ष्य दिया था और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली गेंद पर चौका मारकर टीम को जीत दिलाई. इसी के साथ गौतम गंभीर के कार्यकाल की शुरुआत टी20 सीरीज जीत के साथ हुई. कहीं न कहीं जिस प्रेशर सिचुएशन में टीम इंडिया लड़खड़ा जाती थी, गंभीर और सूर्या के नेतृत्व में टीम ने वहां बाजी मारी.

भारतीय टीम ने किये चार बदलाव

आखिरी मुकाबले में कोच गंभीर ने कुछ ऐसे प्रयोग किए जिसकी वजह से टीम 3-0 से जीत का मौका गंवा सकती थी. भविष्य की योजनाओं और नए प्रयोग का नजारा इस मुकाबले में नजर आया. भारतीय टीम ने इस मुकाबले में चार बदलाव किये. हार्दिक पंड्या, रिषभ पन्त, अर्शदीप सिंह, और अक्षर पटेल को इस मैच के लिए आराम दिया गया था. मैच में सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने भी गेंदबाजी की. दिलचस्प बात ये है कि टीम का ये प्रयोग सफल भी हुआ.

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 मैच में जीत के लिए 138 रनों का टारगेट दिया था. भारत की ओर से ओपनर शुभमन गिल ने सर्वाधिक 39 रनों की पारी खेली. जवाब में श्रीलंका भी 20 ओवर में 8 विकेट पर 137 रन ही बना सका और मैच टाई हो गया.

वाशिंगटन सुन्दर ने किया शानदार प्रदर्शन

इस मैच का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट वॉशिंग्टन का 17वां ओवर ही था, जिसमें उन्होंने लगातार दो गेंदों पर पहले वानिंदु हसरंगा और फिर कप्तान असलंका को पवेलियन भेजा. हालांकि अभी भी श्रीलंका के हाथ में छह विकेट शेष थे और सेट बल्लेबाज परेरा भी क्रीज पर मौजूद थे.

रिंकू और सूर्या ने भी की गेंदबाजी

अंतिम दो ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए सिर्फ 9 रन ही चाहिए थे. हालांकि रिंकू ने परेरा और रमेश मेंडिस दोनों को पवेलियन चलता कर एक बार फिर भारत की उम्मीदों को जगा दिया. अंतिम ओवर में श्रीलंका को सिर्फ 6 रन ही चाहिए थे लेकिन ओवर की समय सीमा समाप्त होने के चलते अंतिम ओवर में भारत को एक अतिरिक्त फ़ील्डर तीस गज के दायरे के अंदर रखने पर मजबूर होना पड़ा. सामने दो बाएं हाथ के बल्लेबाज़ थे, ऐसे में सूर्यकुमार ने अपनी ऑफ़ स्पिन पर भरोसा जताया. अंतिम गेंद पर तीन रन चाहिए थे लेकिन विपक्षी टीम सिर्फ़ दो रन ही जोड़ पाई और मैच का निर्णय फिर सुपर ओवर से हुआ.

टी20 सीरीज के बाद अब टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी. इस सीरीज के लिए वनडे कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और अन्य सीनियर प्लेयर वापसी कर रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस 

ये भी पढ़ें- किसान के बेटे सरबजोत सिंह का संघर्ष से लेकर ओलंपिक कांस्य पदक जीतने तक का सफर

ये भी पढ़ें- Paris Olympics 2024: मनु ओलंपिक के एक संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital