राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. उदयपुरवाटी क्षेत्र के चापोली गांव में सड़क निर्माण का काम कर रहे मजदूरों के साथ अचानक ऐसा हादसा हुआ, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. काम के दौरान हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग करंट से झुलसकर घायल हो गए. घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तक ने दुख जताया है.
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चापोली गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था. इसी दौरान बजरी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई. बिजली का तेज करंट मशीन में फैल गया और वहां आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए.
मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. करंट लगने से कई लोग बुरी तरह झुलस गए. हादसे में आठ लोगों की जान चली गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक मंडावरा और छापोली गांव के रहने वाले थे.
उदयपुरवाटी थाने के प्रभारी रामपाल ने भी घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान मशीन के हाईवोल्टेज बिजली लाइन से टकराने के कारण यह हादसा हुआ. घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पीएम मोदी ने किया आर्थिक मदद का ऐलान
झुंझुनूं हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का संदेश साझा किया गया. इसमें उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. साथ ही प्रभावित परिवारों को तुरंत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. उन्होंने पूरे मामले की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके.
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी झुंझुनूं में हुए इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि करंट लगने से श्रमिकों की असमय मौत की खबर बेहद दुखद है. उन्होंने भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और घायलों को जल्द स्वस्थ करने की प्रार्थना की.
यह भी पढ़ें: अर्नब के बाद अब चक्रवात ‘मुरासु’ का कहर शुरू…! बंगाल की खाड़ी से बार-बार क्यों उठ रहे प्रलयकारी तूफान?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





