Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

तिरुपति के लड्डुओं में मिलावट पर सपा सांसद Dimple Yadav ने कहा- इसी तरह की बात वृंदावन में भी सुनने को मिली है…

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि वृंदावन मंदिर में भी प्रसाद में सही किस्म के खोये का इस्तेमाल नहीं हो रहा है.

डिंपल यादव.

आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर के प्रसाद (लड्डू) के घी में जानवरों की चर्बी मिलाए जाने का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने एक बयान में उत्तर प्रदेश के वृंदावन में भी मंदिर के प्रसाद में मिलावट का आरोप लगाया है.

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैं समझती हूं कि कहीं ने कहीं ये फूड अडल्टरेशन डिपार्टमेंट की नाकामी रही है. ये लोग भांप नहीं पाए हैं और लगातार इस तरह की मिलावट आम आदमी के खाने में भी भारी मात्रा में हो रही है, जिसके बारे में कोई संज्ञान नहीं लिया जाता. मैं समझती हूं कि ये जो हमारा फूड अडल्टरेशन डिपार्टमेंट है, इसे पूरी तरह से काम करना चाहिए और जांच बैठानी चाहिए.’

वृंदावन के प्रसाद में मिलावट

डिंपल यादव ने कहा, ‘जिस तरह से आप बता रहे हैं कि तिरुपति बालाजी के लड्डुओं में मिलावट का मामला आया है. ये बहुत ही नाजुक मामला है. ये कहीं न कहीं हमारी श्रद्धा से जुड़ा मामला है. इसी तरह की बात हमारे वृंदावन में भी सुनने को मिली है. वहां पर सही किस्म के खोये का इस्तेमाल नहीं हो रहा है. उसमें भी मिलावट हो रही है.’

आम आदमी बीमारियों से त्रस्त

वे कहती हैं, ‘मैं समझती हूं कि अब इस डिपार्टमेंट को कुछ काम करना चाहिए और क्योंकि सरकार भारतीय जनता पार्टी की है तो इनको पूरी जिम्मेदारी के साथ इस पर काम करवाना चाहिए.’

सपा सांसद डिंपल यादव ने आगे कहा, ‘मंदिर के लड्डुओं की भी जांच होनी चाहिए और आम आदमी के खाने की भी जांच होनी चाहिए कि किस तरह मिलावटी खाना जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है. किस तरह तेल में मिलावट है, अनाज में मिलावट है, जिसकी वजह से आज लोग गंभीर बीमारियों से त्रस्त हैं.’

क्या है मामला

मालूम हो कि हाल ही में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) ने पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार पर तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में चढ़ाए जाने वाली पवित्र मिठाई ‘तिरुपति लड्डू’ को बनाने में पशुओं की चर्बी सहित घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाया था. मुख्यमंत्री ने कहा था, ‘तिरुपति के लड्डू भी घटिया सामग्री से बनाए गए थे… उन्होंने घी की जगह जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया था.’ हालांकि वाईएसआरसीपी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने इन आरोपों से इनकार किया है.

दरअसल, राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के तहत सेंटर फॉर एनालिसिस एंड लर्निंग इन लाइव स्टॉक एंड फूड लैब की रिपोर्ट में हुए खुलासे में यह बात सामने आई है कि तिरुपति मंदिर में भगवान को चढ़ाए जाने वाले प्रसाद में पशु चर्बी का इस्तेमाल किया जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital