Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती आज, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने किया नमन, प्रधानमंत्री ने शेयर किया वीडियो

पीएम मोदी ने लिखा, भगवान बिरसा मुंडा जी ने मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया.

Birsa Munda

पीएम मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन.

महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें नमन किया है.

पीएम मोदी ने शेयर किया वीडियो

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए 1 मिनट 56 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, “भगवान बिरसा मुंडा जी ने मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनकी जन्म-जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के पावन अवसर पर उन्हें मेरा कोटि-कोटि नमन.”

इस वीडियो में वह बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके उलिहातू गांव में लगी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते दिख रहे हैं. साथ ही पीएम मोदी इस वीडियो में बिरसा मुंडा के बारे में बताते हुए दिख रहे हैं.

गृहमंत्री ने किया नमन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में वह बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाते दिख रहे हैं. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “जनजातीय स्वाभिमान के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें कोटिश: नमन और समस्त देशवासियों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं. धरती आबा ने आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए विदेशी हुकूमत के विरुद्ध जनजातीय समाज को एकत्रित किया और उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया. उन्होंने जनजातीय समाज में अपनी संस्कृति के प्रति आत्मगौरव का भाव जगाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई. संस्कृति व मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण अनंत काल तक देशवासियों को प्रेरित करेगा.”

राहुल गांधी ने भगवान बिरसा मुंडा को किया याद

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मौके पर उन्हें याद करते हुए एक्स पर लिखा, “आदिवासी महानायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. आदिवासी अस्मिता के लिए उनका संघर्ष और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए उनका बलिदान हमें सदा प्रेरित करता रहेगा.”

आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस महानायक को याद करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, “‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. उनके आदर्श और संघर्ष हमारे लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे.”

यह भी पढ़ें- जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर 15 नवंबर को पीएम मोदी जाएंगे बिहार, विभिन्न परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होंने लिखा, “‘अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना’ जल-जगंल-जमीन एवं आदिवासी सभ्यता व संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उलगुलान करने वाले, महान स्वतंत्रता सेनानी, धरती आबा, भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन. वे करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत हैं व रहेंगे. प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण, झारखंड राज्य के सभी बहन-भाईयों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई. आने वाला कल आप सभी के लिए सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल बने, हमारी यही कामना है.”

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार; युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर एक पद यात्रा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जनजातीय गौरव, कला, संस्कृति और सम्मान की यात्रा.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital