Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Mamta Kulkarni ने 24 साल बाद भारत लौटने की बताई वजह, जानें PM Modi और राम मंदिर के बारे में क्या कहा

ममता कुलकर्णी ने 1990 के दशक में ‘करण अर्जुन’ और ‘बाजी’ जैसी हिट फिल्मों में अपने अभिनय से प्रसिद्धि पाई. एक्ट्रेस ने अपने करिअर के दौरान शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे शीर्ष सितारों के साथ काम किया था.

ममता कुलकर्णी.

Mamta Kulkarni back in India: 90 के दशक की सेंसेशन रहीं बाॅलीवुड एक्ट्रेस (Bollywood Actress) ममता कुलकर्णी 24 साल बाद भारत लौट आई हैं. भारत लौटने के बाद वह अपने बयानों की वजहों से सुर्खियां बटोर रही हैं. ममता कुलकर्णी ने 1990 के दशक में ‘करण अर्जुन’ और ‘बाजी’ जैसी हिट फिल्मों में अपने अभिनय से प्रसिद्धि पाई. एक्ट्रेस ने अपने करिअर के दौरान शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे शीर्ष सितारों के साथ काम किया था.

हालांकि, 2000 के दशक की शुरुआत में, ममता कुलकर्णी बॉलीवुड (Bollywood) से दूर हो गईं और विदेश चली गईं, जहां उन्होंने लाइमलाइट से दूर अपना जीवन व्यतीत किया. इस दौरान उनका नाम ड्रग्स के कारोबार से जुड़े विकी गोस्वामी (Vicky Goswami) से जुड़ा. उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी. 24 साल बाद वापस भारत लौटने पर समाचार एजेंसी IANS से एक खास बातचीत में ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड, राजनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) समेत कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

आपने भारत क्यों छोड़ा और 24 साल तक कहां गायब थीं?

मेरे भारत से जाने की वजह अध्यात्म थी. 1996 में अध्यात्म की तरफ झुकाव हुआ और उसी दौरान मेरी मुलाकत गुरु गगन गिरि महाराज से हुई. उनके आने के बाद मेरे मन में अध्यात्म को लेकर रुचि बढ़ी. इसी के बाद मेरी तपस्या शुरू हो गई. हालांकि, मैं मानती हूं कि बॉलीवुड ने मुझे नाम और शोहरत दी. इसके बाद बॉलीवुड का भी साथ छूट गया. साल 2000 से 2012 तक मैं तपस्या करती रही. मैं कई सालों तक दुबई में दो बेडरूम के हॉल में रही और 12 सालों तक ब्रह्मचारी रही.

पीएम मोदी के बारे में आप क्या सोचती हैं?


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में देश सुरक्षित है. भारत के लिए ऐसा प्रधानमंत्री मिलना बहुत मुश्किल है. मैं उनके बारे में जितना बोलूं कम है. वह देश से बहुत प्यार करते हैं और इसके लिए कुछ भी कर सकते हैं. उनके हाथ में देश सुरक्षित है. नरेंद्र मोदी ईमानदार प्रधानमंत्री हैं, उनको खाने की इच्छा नहीं है. उनका काम ही सब कुछ है.

मुंबई वापस लौटने पर आपको कैसा लगा?

मैं जब मुंबई पहुंच रही थी तो बहुत इमोशनल हो गई थी. मेरी आंख से आंसू आ गए थे, क्योंकि जहां से मैंने अपनी शुरुआत की थी और जिस बॉलीवुड से मुझे बहुत कुछ मिला, वह सब कुछ याद आ गया. मैंने मुंबई में बहुत बदलाव देखा है. हालांकि, यहां ट्रैफिक बहुत है और सड़क की स्थिति भी बहुत बेकार है. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के बजट के बारे में मैने सुना था कि 25 हजार करोड़ रुपये का होता है, लेकिन मुझे नहीं लगता है कि ऐसा कुछ काम हुआ. यहां सड़क पर बहुत गड्ढे हैं. मुंबई को सुधारना चाहिए, क्योंकि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है. मुंबई में साफ-सफाई की व्यवस्था भी करनी चाहिए.

ममता कुलकर्णी.

क्या आपने विकी गोस्वामी से शादी की?


मेरी विकी गोस्वामी से मुलाकात साल 1996 में हुई और 1997 में विकी गोस्वामी ड्रग्स केस में गिरफ्तार किए गए. 12 साल तक जेल में रहे. इस दौरान उन्होंने मुझसे मिलने के लिए भी कहा, इसके बाद मेरी एक बार उनसे मुलाकात हुई. इस दौरान मैंने अपना सारा ध्यान अध्यात्म की तरफ लगा दिया. मैं साल 2012 में कुंभ मेला में स्नान करने आई थी और उसके बाद विकी भी केन्या चला गया था.

मैंने विकी के साथ शादी नहीं की है. मैं 12 सालों तक ब्रह्मचारी रही और इस दौरान प्याज-लहसुन भी नहीं खाया. हां, यह बात सही है कि मैं विकी गोस्वामी के साथ थी और उनके लिए हमेशा प्यार भी रहेगा. हालांकि, अध्यात्म की तरफ ध्यान लगाने के कारण सब कुछ खत्म हो गया. मैंने विकी गोस्वामी से केन्या में भी मुलाकात की. हालांकि, उसे ड्रग्स केस में अमेरिका लेकर गए. लगभग आठ साल हो गए हैं और अब सब खत्म हो गया है.

ड्रग्स मामले में आप पर एफआईआर दर्ज हुई, इस पर क्या कहना है?

मेरे पास किस चीज की कमी थी? पैसे के लिए लोग ऐसा करते हैं. मेरे पास उस समय 10 फिल्मों के ऑफर थे और मेरे पास तीन घर और दो गाड़ियां थीं. हालांकि, मैंने बॉलीवुड को त्याग दिया. मुझे लगता है कि ड्रग्स केस में विकी या फिर पब्लिसिटी की वजह से मेरे खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया. जिस अधिकारी ने मेरे खिलाफ मामला दर्ज कराया. मुझे भगोड़ा घोषित किया गया, उसे भी कुछ महीने के लिए भगोड़ा घोषित किया गया था. जैसी करनी वैसी भरनी. आज वो कमिश्नर कहां है और पुलिस के पास कोई सबूत नहीं था.

क्या आप राम मंदिर दर्शन करने के लिए जाएंगी?

मुझे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से बहुत खुशी हुई. पहले वहां मंदिर था, फिर उसे तोड़ा गया और अब जाकर फिर से राम मंदिर बना है. मैं अयोध्या जाकर राम मंदिर के दर्शन जरूर करूंगी. इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर भी दर्शन के लिए जाऊंगी. साथ ही कुंभ में जाकर दो शाही स्नान भी करूंगी.

क्या आप बॉलीवुड में फिर से दिखाई देंगी?

अब मैं संन्यासी हूं और मुझे अब न तो बॉलीवुड में इंटरेस्ट है और न ही किसी और चीज से मतलब है. मेरी उम्र अब नहीं है कि मैं दोबारा बॉलीवुड के बारे में सोचूं. मैं आध्यात्मिक जीवन जीना चाहता हूं और आध्यात्मिक डिबेट में हिस्सा लेना चाहती हूं, ताकि सब को जोड़ सकूं.

क्या बॉलीवुड में कास्टिंग काउच होता है?

कास्टिंग काउच होता होगा, लेकिन मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ. मैं जहां भी जाती थी, मेरे साथ मेरी मां और सेकेट्री होता था. बॉलीवुड उतना खराब नहीं था, लेकिन अब शायद लोगों को भ्रम होने लगा है. गलत लोग इसका फायदा उठाते हैं.

क्या अब आप भारत में रहेंगी?

मैं अभी कुछ महीनों के लिए आई हूं. यहां आना-जाना लगा रहेगा. लेकिन कुछ महीने बाद मुंबई में हमेशा के लिए रुक जाऊंगी.

D की दुनिया से कोई संबंध नहीं


विकी गोस्वामी के साथ अपने संबंध के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरा D (ड्रग्स) की दुनिया से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि मैं इन लोगों से कभी नहीं मिली. हां, मैं विकी गोस्वामी से जुड़ी. 1996 में मेरी आध्यात्मिक यात्रा शुरू हुई और उस दौरान एक गुरु मेरे जीवन में आए.

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में ममता कुलकर्णी ने कहा, ‘जब विकी दुबई की जेल में था, तो उसने मुझे मिलने के लिए बुलाया… मैंने 12 साल जेल में बिताए… मैं ध्यान तप और पूजा-पाठ में व्यस्त हो गई और जब वह 2012 में जेल से बाहर आया, तब तक मेरी सारी इच्छाएं खत्म हो चुकी थीं… प्यार करना या शादी करना… कुछ भी नहीं बचा था. और वह जेल से बाहर आ गया, मैंने फैसला किया कि जब तक वह बाहर नहीं आ जाता, मैं भारत वापस नहीं आऊंगी. फिर वह केन्या चला गया और मैं 2012-2013 के आसपास कुंभ मेले के लिए भारत आई. मैं दुबई से सीधे इलाहाबाद (अब प्रयागराज) 10 दिनों के लिए गई और फिर वापस दुबई आ गई.’

ड्रग्स मामले में केस

2017 में महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने ममता कुलकर्णी और ड्रग माफिया विकी गोस्वामी के खिलाफ ड्रग तस्करी के मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया था. इस मामले में दोनों का नाम सामने आया था, जिसके आधार पर चार्जशीट दाखिल की गई थी. जनवरी में गोस्वामी, इब्राहिम और बक्ताश अकाशा के साथ-साथ गुलाम हुसैन को केन्या से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था. इन सभी को नवंबर 2014 में अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन एजेंसी (DEA) द्वारा एक स्टिंग ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया था, जो कोलंबियाई ड्रग डीलरों के रूप में खुद को पेश कर रहे थे.

विकी गोस्वामी से कोई संपर्क नहीं

उन्होंने कहा, ‘विकी केन्या वापस चला गया और एक या दो बार मैं उससे मिलने गई और दुबई वापस आ गई. केन्या में उस पर पहले ही आरोप लग चुके थे और मैं उस दौरान उसके साथ नहीं थी. 2016-2024 तक अपने लिए तपस्या की. अब मैं उसके संपर्क में नहीं हूं, मैंने आखिरी बार 2016 में उससे संपर्क किया था.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Pension Mission Shakti Digital