Bharat Express DD Free Dish

उत्तराखंड के सीएम धामी ने परिवार संग संगम में लगाई डुबकी, बोले- प्रयागराज की तरह हरिद्वार में कुम्भ 2027 को बनाएंगे भव्य

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परिवार संग त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर मां गंगा, यमुना और सरस्वती को नमन किया.

Maha Kumbh Mela
Edited by Uma Sharma

महाकुम्भनगर: महाकुम्भनगर में आस्था और श्रद्धा का महापर्व चल रहा है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए आ रहे हैं. इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोमवार को परिवार संग त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर मां गंगा, यमुना और सरस्वती को नमन किया. उन्होंने इसे धार्मिक महापर्व बताते हुए कहा कि संगम में डुबकी लगाना अपने आप में बहुत बड़े धर्म का काम है. धामी ने हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुम्भ की तैयारियों का भी जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि सरकार अभी से इसकी तैयारी में जुट गई है. जिससे हरिद्वार कुम्भ भी प्रयागराज की तरह ऐतिहासिक और सुविधाजनक बनाया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार महाआयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी. साथ ही आयोजन को भव्य एवं दिव्य बनाया जाएगा. स्नान के दौरान मुख्यमंत्री धामी का पारिवारिक रूप भी देखने को मिला. वह बच्चे के साथ संगम की लहरों में हंसी-ठिठोली करते दिखे.

धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का संगम

संगम में स्नान के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि मुझे भी यहां आस्था की डुबकी लगाने का अवसर मिला. प्रयागराज देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. यहां आकर मन को असीम शांति और ऊर्जा मिलती है.

यह भी पढ़ें: Mahakumbh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी रहे मौजूद

संतों का सानिध्य और आशीर्वाद

धामी ने महाकुम्भ में पूज्य संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया और कहा कि संत ही समाज की दिशा तय करते हैं. उन्होंने कहा कि हम उनके मार्गदर्शन से ही प्रेरणा लेते हैं और उनके आशीर्वाद से आगे बढ़ते हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read