आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (ICC Champions Trophy 2025) में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली ने वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप 5 में वापसी की है. कोहली ने दुबई में खेले गए मैच में बेहतरीन शतक (51वां वनडे शतक) जमाया, जिससे उन्हें रैंकिंग में एक स्थान का फायदा मिला और वह पांचवें नंबर पर पहुंच गए. उनकी इस पारी ने भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई.
भारत के तीन बल्लेबाज अब टॉप 5 में शामिल हो गए हैं. शुभमन गिल ने अपनी नंबर 1 रैंकिंग को मजबूती से बरकरार रखा, जबकि कप्तान रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. गिल ने पाकिस्तान के बाबर आजम पर 47 रेटिंग अंकों की बढ़त बना ली है. हालांकि बाबर अब तक खराब प्रदर्शन के बावजूद दूसरे स्थान पर कायम हैं.
अन्य बल्लेबाजों की रैंकिंग
न्यूजीलैंड के विल यंग आठ स्थान ऊपर चढ़कर 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं. इंग्लैंड के बेन डकेट को 27 स्थान का फायदा हुआ और वह संयुक्त 17वें स्थान पर आ गए हैं. न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 18 स्थान की छलांग लगाकर 24वें स्थान पर पहुंच गए. भारत के केएल राहुल दो स्थान ऊपर चढ़कर 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के रासी वैन डेर डुसेन तीन स्थान ऊपर उठकर 16वें स्थान पर आ गए हैं.

गेंदबाजी रैंकिंग
गेंदबाजी विभाग में श्रीलंका के महेश थीक्षना ने चैंपियंस ट्रॉफी से श्रीलंका की अनुपस्थिति के बावजूद नंबर 1 रैंकिंग बरकरार रखी है. अफगानिस्तान के राशिद खान दूसरे स्थान पर बने हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज ने एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर जगह बना ली है. न्यूजीलैंड के मैट हेनरी दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा दो स्थान ऊपर उठकर 10वें नंबर पर आ गए हैं.
तेज गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबाडा को चार स्थान का फायदा हुआ और अब वह 16वें स्थान पर हैं. वहीं, न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल ने जबरदस्त उछाल दर्ज की और 31 स्थान ऊपर चढ़कर 26वें नंबर पर पहुंच गए.

ऑलराउंडर रैंकिंग
माइकल ब्रेसवेल ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया जिससे उनकी गेंदबाजी के साथ-साथ ऑलराउंडर रैंकिंग में भी सुधार हुआ है. अब वे ऑलराउंडर रैंकिंग में 26 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए. उनके साथी रचिन रवींद्र ने भी दमदार खेल दिखाते हुए छह स्थान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर अपनी जगह बना ली. वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी अब भी शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- Jasprit Bumrah ने सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी पर जताई खुशी, बोले- ‘बचपन के नायकों को यह जीतते देखा था’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
